नई दिल्ली। कर्नाटक विधानसभा उपचुनाव के नतीजे आ गए हैं। 15 सीटों में से 12 पर भाजपा के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। कांग्रेस के खाते में दो सीटें गई, जबकि जेडीएस अपना खाता नहीं खोल पाई। एक सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत दर्ज की।
भाजपा के शानदार प्रदर्शन की बदौलत येदियुरप्पा सरकार ने बहुमत के आंकड़े को पार कर लिया है। अब भाजपा के पास विधासनभा में 117 सीटें हो गई हैं, जो कि बहुमत के आकड़े से पांच अधिक है। इस जीत पर मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने कहा कि मैं जीते हुए 12 प्रत्याशियों में 11 को कैबिनेट मंत्री बनाऊंगा। वहीं कांग्रेस ने उपचुनाव में अपनी हार को स्वीकार्य कर लिया है। कांग्रसे नेता डीके शिवकुमार ने कहा, ‘जनता ने दलबदलुओं को स्वीकार किया है’।
करारी शिकस्त के बाद सिद्धारमैया ने दिया इस्तीफा
कर्नाटक की 15 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव का नतीजे आ गए हैं। भाजपा ने 12 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस के खाते में सिर्फ 2 सीटें आईं। पार्टी के इस खराब प्रदर्शन के बाद प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गुंडू राव और विपक्ष के नेता सिद्धारमैया ने अपना इस्तीफा दे दिया है। दोनों नेताओं ने केसी वेणुगोपाल से बात की। इसके बाद हार की जिम्मेदारी लेते हुए अपना इस्तीफा दे दिया।
