जगदलपुर. छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के बस्तर (Bastar) जिला मुख्यालय में हुंडई कार के एक गैरेज में गुरुवार की सुबह आग लग गई. आगजनी की इस घटना में चार कार जलकर खाक हो गई हैं. सुबह तड़के आग लगी है. जगदलपुर (Jagadalpur) के बोधघाट थाना क्षेत्र स्थित हुंडई गैरेज में आग लगी है. आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड (Fire Brigade) की दो गाड़ियां मौके पर रवाना की गईं. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया. आगजनी का कारण फिलहाल अज्ञात है.
जगदलपुर (Jagdalpur) के बोधघाट थाना क्षेत्र में एक कार के शो रूम के गैरेज में आग लगने की जानकारी वहां पर मौजूद सिक्योरिटी गार्ड (Security Guard) ने फायर ब्रिगेड (Fire Brigade) को दी. बताया जा रहा है कि सुबह छह सात बजे के आसपास गैरेज में रखी एक कार में अचानक धुंआ उठते देखा गया, जिसके बाद तत्काल वहां पर मौजूद सिक्योरिटी गार्ड ने इसकी सूचना बोधघाट थाने के अलावा दमकल को दी. इसके बाद मौके पर पहुंची दो दमकल की गाडियों ने घंटो मेहनत के बाद आग पर काबू पाया.
सर्विसिंग के लिए आई थी कारें
गैराज में लगी आग से चार कारें पूरी तरह से जलकर खाक हो गयीं. अग्निशमन विभाग के प्रमुख संतोष मार्बल के मुताबिक गैरेज में जिन कार में आग लगी ये कारें वर्कशाप में सर्विसिंग के लिए आई हुईं थी. आग लगने के कारणों की जांच करने पहुंचे शहर एसपी ने गार्ड से जो बयान लिया है उसके मुताबिक कार के एक बोनट से धुंआ उठा उसके बाद उसमें आग लग गयी. हालांकि गार्ड के दिए इस बयान से पुलिस संतुष्ट नही है और आसपास के लोगों के साथ ही शो रूम के मालिक से भी जानकारी ले रही है.
