भानुप्रतापपुर – काम में व्यस्त थे माता-पिता, दो सगी बहनें जा गिरी कुएं में…मौत

भानुप्रतापपुर। कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है. घर के पीछे बने कुएं के पास खेल रही दो सगी बहनें कुएं में जा गिरी. जिससे दोनों की डूबने से मौत हो गई. घटना कोरर थाना इलाके के ग्राम भोंडीया का है.

थाना प्रभारी मोतीलाल पटेल ने बताया कि भोंडीया निवासी मनोज विश्वकर्मा कोरर के साप्ताहिक बाजार गए थे और उनकी पत्नी घर के कामकाज में लगी थी. दोपहर 3 बजे जब बड़ी बहन स्कूल से वापस आई, तब अपनी दोनों बहनों के नहीं दिखने पर उसने ढूंढना शुरु किया.

इसी बीच एक बहन का शव कुएं में ऊपर तैरता मिला. उसने अपने परिजनों को जानकारी दी. जिस पर परिजनों ने एक शव को बाहर निकाला. फिर दूसरी बहन की गांव में पतासाजी की गई. उसका पता नहीं चलने पर कुएं के पूरे पानी को बाहर निकाला गया. तब दूसरी बहन का शव नीचे लकड़ियों में फंसा मिला.

ग्रामीणों का अनुमान है कि छोटी बहन को बचाने के प्रयास में बड़ी बहन भी कुएं में गिर गई होगी. इसी वजह से इस तरह की हृदय विदारक घटना हुई होगी. मृतिका बच्चियों में डेढ़ वर्षीय भारती और तीन वर्षीय साधना है. पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *