निर्भया के दोषियों के डेथ वारंट का रास्ता साफ, कुछ देर में आ सकती है फांसी की तारीख

सुप्रीम कोर्ट में निर्भया के दोषी अक्षय कुमार की पुनर्विचार याचिका ठुकराए जाने के बाद अब दोषियों के डेथ वारंट का रास्ता साफ हो गया है। आज पटियाला हाउस कोर्ट में दोपहर दो बजे निर्भया के दोषियों की फांसी की तारीख का एलान हो सकता है।

सुप्रीम कोर्ट में आज क्या हुआ

सुप्रीम कोर्ट ने निर्भया के दोषी अक्षय कुमार सिंह की पुनर्विचार याचिका खारिज कर दी है। अदालत ने कहा कि हम बिना किसी दबाव के यह फैसला सुना रहे हैं। अक्षय की पुनर्विचार याचिका में कोई नए तथ्य नहीं है इसलिए यह याचिका खारिज की जाती है।

इस फैसले के बाद निर्भया की मां ने कहा है कि वह बहुत खुश हैं। साथ ही उन्होंने मीडिया व देश का भी शुक्रिया अदा किया कि उनके इस सफर में सबने उनका साथ दिया। उन्होंने कहा कि इससे हम न्याय के एक कदम और पास आ गए हैं।

वहीं दोषी के वकील एपी सिंह ने फैसले पर कहा कि हमारे केस में हमने जो तथ्य रखे वो सभी नए हैं लेकिन अदालत ने इस पर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि कई बार जनभावना के आधार पर फैसला आता है वहीं निर्भया गैंगरेप में हुआ।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश से पहले कोर्ट में जो सुनवाई हुई उसमें सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने उच्चतम न्यायालय में कहा कि दोषी किसी भी तरह की उदारता का हकदार नहीं है और भगवान भी ऐसे ‘दरिंदे’ को बना शर्मसार होगा।  तुषार मेहता ने आगे कहा, कुछ अपराध ऐसे होते हैं, जिनमें ‘मानवता रोती’ है और यह मामला उन्हीं में से एक है।

सॉलिसिटर जनरल ने अदालत में कहा जो होना तय है उससे बचने के लिए निर्भया मामले के दोषी कई प्रयास कर रहे हैं और कानून को जल्द अपना काम करना चाहिए।
सुप्रीम कोर्ट की नई पीठ बुधवार को इस याचिका पर सुनवाई पूरी कर चुकी है।

पटियाला हाउस कोर्ट ने पिछली तारीख में कही थी ये बातें

गौरतलब है कि पिछली सुनवाई में पटियाला हाउस कोर्ट ने निर्भया केस के चारों दोषियों के खिलाफ डेथ वारंट जारी करने के मामले की सुनवाई 18 दिसंबर तक टाल दी थी। बीते शुक्रवार को कोर्ट ने कहा था कि इस मामले में आगे की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद होगी। शीर्ष कोर्ट में आज एक दोषी अक्षय सिंह की पुनर्विचार याचिका खारिज कर दी गई। इससे यही कहा जा सकता है कि निर्भया के दोषियों की फांसी की तारीख आज आ सकती है।

कोर्ट ने पिछली सुनवाई में तिहाड़ जेल प्रशासन से मामले की स्टेटस रिपोर्ट तलब की थी। तिहाड़ प्रशासन को यह बताना है कि दोषियों ने अपने किन अधिकारों का इस्तेमाल किया है और उनके पास क्या-क्या विकल्प बचे हैं। जब सभी विकल्प खत्म हो जाएंगे तभी अदालत दोषियों के लिए डेथ वारंट जारी करेगी।

कोर्ट में चारों दोषियों विनय, अक्षय, मुकेश और पवन को पेश किया जाना था, लेकिन जेल प्रशासन को प्रोडक्शन वारंट न मिलने पर उनकी पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कराई गई थी। माना जा रहा है कि सुप्रीम कोर्ट से अक्षय की याचिका खारिज होने के बाद अब जेल प्रशासन फांसी के लिए पटियाला हाउस कोर्ट में याचिका दाखिल करेगा।

तिहाड़ में बंद दोषियों की भूख-प्यास बंद
इस बीच तिहाड़ में बंद चारों दोषियों की भूख-प्यास बंद हो गई है। जेल सूत्रों के मुताबिक चारों बहुत कम खाना खा रहे हैं। उनकी अलग-अलग निगरानी के लिए हमेशा 4-5 जवान तैनात रहते हैं ताकि वे खुद को नुकसान न पहुंचा सकें। बीते शुक्रवार को तिहाड़ जेल के डीजी ने अन्य अधिकारियों के साथ जेल नंबर तीन का दौरा किया था। यहीं पर दोषियों को फांसी देने की तैयारी चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *