Jharkhand Election Result 2019: PM मोदी ने झामुमो नेता हेमंत सोरेन को दी जीत की बधाई, कही यह बात

नई दिल्ली, एएनआइ। Jharkhand Election Result 2019 झारखंड विधानसभा की 81 सीटों पर जारी मतगणना में ‘झामुमो-कांग्रेस-राजद’ गठबंधन को सबसे अधिक सीटें मिलती द‍िखाई दे रही हैं। सत्तारूढ़ भाजपा ने अपनी हार स्‍वीकार करती नजर आ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार शाम को ट्वीट कर झामुमो के नेता हेमंत सोरेन को जीत की बधाई दी है। उन्‍होंने कहा, ‘झारखंड चुनाव में जीत के लिए हेमंत सोरेन जी और झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन को बधाई। राज्य की सेवा के लिए उन्हें शुभकामनाएं।’

पीएम मोदी ने अपने अगले ट्वीट में कहा कि मैं समझता हूं कि झारखंड की जनता ने भाजपा को कई वर्षों तक राज्‍य की सेवा करने का मौका दिया। मैं पार्टी कार्यकर्ताओं की उनकी कड़ी मेहनत के लिए सराहना करता हूं। हम आने वाले समय में राज्य की सेवा करते रहेंगे और लोगों के केंद्रित मसलों को उठाते रहेंगे।

अब तक के प्राप्‍त रूझानों के मुताबिक, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) 30 सीटें मिलती दिख रही हैं जबकि इसकी गठबंधन सहयोगी कांग्रेस 15 सीटों पर और राजद एक सीट पर जीत दर्ज कर सकता है। बता दें कि भाजपा साल 2000 में झारखंड के गठन होने के बाद से पहली बार विधानसभा चुनाव अपने बूते लड़ रही है। भाजपा अपने सहयोगी आजसू सीट बंटवारे के मसले पर अपने मतभेदों को दूर नहीं कर पाई जिसकी वजह से इस बार दोनों पार्टियों का गठबंधन नहीं हो सका।

चुनाव के जानकारों का मानना है कि भाजपा और आजसू का अलग अलग चुनाव लड़ना भी हार की एक बड़ी वजह रही है। मालूम हो कि झामुमो और कांग्रेस-राजद ने साल 2014 का चुनाव अलग-अलग लड़ा था। तीनों पार्टियां साल 2013 से 2014 के बीच झामुमो नेता हेमंत सोरेन की अगुवाई वाली गठबंधन सरकार में शामिल रही थीं। झारखंड की 81 सदस्यीय विधानसभा में सरकार गठन को साधारण बहुमत के लिए किसी गठबंधन या दल को 41 सीटों की जरूरत होगी।

इस विधानसभा चुनाव में भाजपा 79 सीटों पर चुनाव लड़ रही थी और एक सीट पर उसने एक निर्दलीय उम्मीदवार का समर्थन किया था। भाजपा ने महतो के खिलाफ उम्मीदवार नहीं उतारा था। चुनाव पूर्व समझौते के तहत झामुमो ने 43, कांग्रेस 31 और राजद ने सात सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। दूसरी ओर झाविमो (प्रजातांत्रिक) सभी 81 सीटों पर चुनाव लड़ रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *