रायपुर । Chhattisgarh Weather Update: अरब सागर में बने चक्रवात की वजह से समुद्र से नमी आ रही है। इस वजह से रात का तापमान बढ़ने लगा है। गुरूवार को रायपुर में तापमान 19 डिग्री है। जिसके बढ़कर 22 से 23 डिग्री तक होने का पूर्वानुमान मौसम विभाग ने लगाया है। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के अनेक हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ ही बूंदाबांदी हो रही है। सुबह से ही सूरज के दर्शन नहीं हुए हैं। इधर, न्यायाधानी बिलासपुर में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से सात डिग्री अधिक है। उत्तर पश्चिमी हवाओं के कारण पूरा उत्तर भारत भयंकर शीतलहर और कोहरे की चपेट में है। इसके विपरित छत्तीसगढ़ में मौसम का हाल ठंड कम हो गया है। सुबह से पड़ रही बौछारों के बावजूद ठंड का अहसास अपेक्षाकृत कम है।
सभी जिलों में ठंड का असर हुआ कम
रायपुर और बिलासपुर संभाग के लगभग सभी जिलों में ठंड कम हो गई है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार अरब सागर में बने चक्रवात की वजह से समुद्र से नमी आ रही है। इस वजह से रात का तापमान बढ़ गया है।अगले 48 घंटे के दौरान हल्की बारिश, बौछारें या ओले पड़ने की संभावना है।
अंबिकापुर, पेंड्रारोड में रात का तापमान 10 से 13 डिग्री के बीच है। सभी जगह तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री अधिक है। संभाग के कुछ हिस्सों में अगले 48 घंटे के दौरान हल्की बारिश, बौछारें या ओले पड़ने की संभावना है।
बादल छंटने के बाद बढ़ेगा ठंड
मौसम विज्ञानियों के अनुसार नमी का असर खत्म होने में अभी दो-तीन दिन लगेंगे। आसमान से बादल पूरी तरह हटने के बाद ठंड बढ़ेगी। नए साल एक जनवरी से कुछ दिनों के लिए ठंड बढ़ने का पूर्वानुमान लगाया जा रहा है।
