रायपुर।Tribal Dance Festival: राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव 27 दिसंबर को रायपुर में प्रारंभ होगा। तीन दिन तक चलने वाले महोत्सव में राहुल गांधी भी शरीक होंगे। वे रायपुर में डेढ़ घंटे रहेंगे। राहुल के दौरा कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार 27 दिसंबर को सुबह नौ बजे राहुल दिल्ली से रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। माना विमानतल पहुंचने के बाद 10 बजे साइंस कॉलेज मैदान पहुंचेंगे, जहां तीन दिनी राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का आगाज होगा। 11.20 बजे राहुल साइंस कॉलेज मैदान से माना विमानतल के लिए रवाना होंगे। दोपहर 12 बजे एयरपोर्ट से दिल्ली रवाना होंगे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बताया कि आदिवासी नृत्य महोत्सव में राहुल का आना तय हो गया है।
छत्तीसगढ़ के चुनिंदा 150 कलाकार देंगे प्रस्तुति
विवाह एवं अन्य संस्कार, पारंपरिक त्योहार एवं अनुष्ठान, फसल कटाई व कृषि तथा अन्य पारंपरिक विधाओं पर नृत्य प्रतियोगिताएं होंगी। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के 150 कलाकार प्रस्तुति देंगे। बस्तर के गोड़ी नृत्य, हल्बी डांस, बस्तर दशहरा में पेश होने वाले नृत्य, मुरिया डांस, आगा देवता समेत अन्य तरह की प्रस्तुति बस्तर अंचल के कलाकार देंगे। सरगुजा से कर्मा, ददरिया, सरगुजिया नृत्य समेत कई विधा में रोज अलग-अलग समय पर प्रस्तुति देंगे।
घुरई नृत्य पेश करेगा हिमाचल का दल
राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में भाग लेने के लिए हिमाचल प्रदेश से दल बुधवार को रायपुर पहुंच चुके हैं। दल में दल प्रमुख प्यारेलाल किन्नौर सहित 20 सदस्य शामिल हैं। ये घुरई नृत्य की प्रस्तुति देंगे। इनके पूर्व उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश के लोक कलाकार रायपुर पहुंचे। उत्तराखंड के कलाकार झांझी नृत्य, और अरुणाचल के रेह नृत्य की प्रस्तुति होगी। इन कलाकारों ने बताया कि छत्तीसगढ़ पहुंचकर उन्हें अपने घर जैसा माहौल मिला है। अपनेपन का अहसास हुआ।
दिखेगी नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी और गोठान की झलक
आदिवासी नृत्य महोत्सव में सरकार की महत्वाकांक्षी योजना नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी और गोठान की झलक दिखाई देगी। इसका मॉडल तैयार किया जा रहा है। इसमें गांव के रहन-सहन, नरवा, घुरवा, बाड़ी और गोठान के लिए गाय, भैंस आदि मवेशी रहेंगे।
पहुंचे रहे हैं देशभर से कलाकार, ठहरने किया खास इंतजाम
समारोह में देशभर से कलाकार और नृत्य-संगीत प्रेमी पहुंच रहे हैं। विशेष रूप से आमंत्रित कलाकारों के ठहरने के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। अग्रसेन धाम जोरा रायपुर में गुजरात से 95,राजस्थान 29,महाराष्ट्र 46,अंडमान के आठ कलाकार ठहरेंगे। सोना वाटिका वीआइपी रोड रायपुर में झारखंड-80,बिहार- 25,ओडिशा- 18,वेस्ट बंगाल के15 कलाकार ठहरेंगे।
एनएच-53 रोड किनारे महासमुंद रोड स्थित वाशिटिशन वुड में अरुणाचल प्रदेश-30,सिक्किम- 30, त्रिपुरा- 44,लद्दलाख- 20 कलाकार ठहरेंगे। सिम्बल फॉर्म में हिमांचल के 40,उत्तराखंड- 46,उत्तर प्रदेश- 45,जम्मू- 50,असम-12 कलाकारों को ठहराने की व्यवस्था की गई है। माहेश्वरी भवन बेसिड डूण्डा में आन्ध्रप्रदेश-तेलंगाना- 31,कर्नाटक-37, केरल-38,तमिलनाडुके 44 कलाकारों को ठहराया जाएगा।
क्लब रॉयल महादेव घाट रायपुर में मध्यप्रदेश के 200 कलाकार, हॉस्टल ऑफ डायरेक्टरेट ऑफ गेम साइंस कॉलेज रायपुर में छत्तीसगढ़ के 150 कलाकारों का विश्राम कक्ष होगा। अतिथियों के लिए ठहरने की व्यवस्था होटल बेबीलान इंटरनेशनल, वीआइपी रोड, स्टेशन रोड रायपुर में होगा।
यहां ठहरेंगे विदेशी कलाकार
होटल प्रीसीबिटी, महोबा बाजार रायपुर में विदेशी कलाकारों के ठहरने का इंतजाम किया गया है। इनमें श्रीलंका से 12,युगांडा-06,बेलारूस- 09, मालदीव से 9,थाईलैड- 10,बांग्लादेश-11 के कलाकार शामिल हैं।
