धमतरी। अपने दो बच्चों को फांसी के फंदे पर लटकाकर महिला ने भी कर ली खुदकुशी

धमतरी। जिले के मड़ेली गांव में गुस्र्वार को घटी एक घटना दिनभर चर्चा का विषय बनी रही। यहां एक 30 वर्षीय महिला ने अपने चार और तीन साल के दो बच्चों को घर पर फांसी में लटकाने के बाद खुद आत्महत्या कर ली। इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई है। महिला के घर के बाहर लोगों की भीड़ लग गई। घटना की वजह क्या थी, इस बारे में अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।

घटना बिरेझर पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम मड़ेली में 26 दिसंबर गुरुवार को दोपहर दो बजे के आसपास हुई। पुलिस के मुताबिक खिलेश्वरी 30 वर्ष पत्नी तरुण साहू ने आंगनबाड़ी से दवाई पिलाने की बात कहकर अपने दो बच्चों अनुज साहू चार वर्ष और दक्ष साहू तीन वर्ष को घर ले आई।

घर में दोनों बच्चों को फांसी के फंदे पर लटका दिया। इसके बाद खुद फांसी लगा ली। दम घुटने से दोनों बच्चों और महिला की मौत हो गई। घटना के समय मृतका का पति खेत गया था और ससुर गोपी राम साहू किसी काम से गांव से बाहर गये हुए थे।

तरुण साहू जब खाना खाने के लिए दोपहर दो बजे घर पहुंचा, तब उसने अपनी पत्नी और दोनों बच्चों फांसी के फंदे पर लटकते हुए देखा। इस घटना से वह स्तब्ध हो गया। आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। गांव में खबर फैलने के बाद लोगों की भीड़ घटनास्थल पर उमड़ पड़ी।

सूचना पाकर बिरेझर पुलिस भी मौके पर पहुंची। फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला ने किस वजह से दोनों बच्चों को फांसी पर लटकाने के बाद खुद आत्महत्या कर ली। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *