Live in Relationship : जांजगीर में प्रेमी जोड़े ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

जांजगीर। किराए के मकान में रहने वाले प्रेमी जोड़े ने फंदे में झूलकर आत्महत्या कर ली है। मामला डभरा थाना क्षेत्र नगर पंचायत डभरा के वार्ड क्रमांक 7 की है। बताया जा रहा है कि मृतक युवक और युवती लंबे समय से बिना शादी साथ रह रहे थे। दोनों अलग-अलग धर्मों के थे। दोनों ने किस वजह से यह आत्मघाती कदम उठाया, इस बात का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पंचनामे के लिए भेजा है और घटना की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार घटना रविवार की है। बताया जा रहा है कि प्रेम युगल किराए के जिस घर में रह रहे थे उसका दरवाजा सुबह से शाम पांच बजे तक नहीं खुला। इसके बाद किसी घटना की आशंका को देखते हुए पड़ोसी ने जाकर दरवाजा खटखटाया।

उसके बाद भी दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसी ने मकान मालिक से जाकर संपर्क किया। फिर मकान मालिक और पड़ोसी ने मिलकर घर का दरवाजा खोला तो दोनों पंखे के लोहे के रॉड में रस्सी का फंदा बनाकर झूलते नजर आए। इसकी सूचना तत्काल उन्होंने डभरा पुलिस को दी।

मृत युवक का नाम शहजाद खान (उम्र 30 वर्ष) बताया गया है जो डभरा का रहने वाला था और तहसील कार्यालय डभरा में ही कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। एक माह पहले उसने प्रेमिका साधना मिरी (उम्र 23 वर्ष) के साथ मिलकर किराए का मकान वार्ड नं 7 में लिया था, जहां दोनों साथ रह रहे थे।

मृत युवती साधना मिरी पौड़ीदल्हा अकलतरा की रहने वाली बताई जा रही है। दोनों की आत्महत्या का कारण अज्ञात है। डभरा पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को पंचनामे के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डभरा भेज दिया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *