राजधानी रायपुर में बेमौसम बरसात, मौसम विभाग ने अलर्ट जारी कर कहा- 4 जनवरी तक हो सकती है बारिश, 5 डिग्री तक गिरेगा पारा

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गुरुवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ली है। मौसम में बदलाव के बाद रायपुर सहित आस-पास के इलाकों में बारिश शुरू हो गई है। बताया जा रहा है कि पश्चिमी विछोभ में बनी द्रोणिका के चलते मौसम में बदलाव हुआ है। वहीं, मौसम विभाग ने आशंका जताई है ​कि छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में 4 जनवरी तक बारिश हो सकती है साथ ही तापमान 5 डिग्री तक आ सकता है। मौसम विभाग ने बिहार से लेकर उत्तर पश्चिम इलाकों में बारिश की संभावना जताई है।

वहीं दूसरी ओर पेंड्रा इलाके में पिछले 36 घंटे से रुक-रुककर बारिश हो रही है। बदलते मौसम के चलते पेंड्रा गौरेला मरवाही में घने बादल और कोहरा छाए हुए हैं। बारिश के चलते शीतलहर और कोहरे ने लोगों को घरों में दुबका दिया है। बताया गया कि अमरकंटक, गौरेला, पेंड्रा, मरवाही इलाके में पिछले 36 घंटे से बारिश हो रही है। पेंड्रा का तापमान 10 डिग्री और अमरकंटक 7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

ऐसा ही कुछ हाल कवर्धा, बलरामपुर और लोरमी का भी हाल है। खबर मिल रही है कि कवर्धा में शहर सहित वनांचल क्षत्रों में जमकर बारिश हुई है। साथ ही चिल्फी और आस-पास के इलाकों में बर्फ बारी भी हुई है। बारिश के चलते धान खरीदी केंद्रों तक धान लेकर पहुंचे किसानों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

बलरामपुर जिले में भी पिछले दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है। तेज बारिश के कारण जनजीवन हुआ अस्त व्यस्त हो गया है। वहीं तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। ठंड के चलते शासकीय कामकाज भी प्रभावित हो रहा है।

कोरबा में बारिश के चलते स्कूल कॉलेजों को बंद करने का निर्देश जारी किया गया है। जिला कलेक्टर ने बारिश के बाद निर्देश जारी करते हुए जिले के सभी स्कूल कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी है। कई स्कूलों में आदेश देर से पहुंचने पर बच्चों को बुला लिया गया था। लेकिन आदेश मिलने के साथ ही स्कूलों में छुट्टी कर दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *