जांजगीर: नगरीय निकाय चुनाव को लेकर पूर्व सीएम रमन सिंह द्वारा दिए गए बयान पर स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने पलटवार किया है। सिंहदेव ने मीडिया से बात करते हुए कहा है कि जब सत्ता उनके हाथ में थी तब क्या रमन सिंह ऐसा करते थे। अप्रत्यक्ष चुनाव का लाभ कांग्रेस को मिला है। नगर निगमों में कांग्रेस की अब तक एकतरफा जीत हुई है। रामन सिंह को प्रजातंत्र का सम्मान करना चाहिए।
इससे पहले पूर्व सीएम डॉ रमन सिंह ने कांग्रेस सरकार पर प्रहार करते हुए कहा था कि प्रशासन और सत्ता का दुरुपयोग देखने को मिल रहा है । कोई मोबाइल लेकर वोट डालने के लिए जा रहा है। टाइम को लेकर भी अलग-अलग परिवर्तन किया गया। रायपुर के हमारे विधायक गणों ने यहां के संगठन वालों ने भी प्रदर्शन किया। चुनाव आयोग से शिकायत भी की गई। लेकिन सत्ता का दबाव इस बार चुनाव में देखने को मिला।
पूर्व सीएम रमन ने ये बात मध्यप्रदेश दौरे पर रवाना होने के दौरान कही। तय कार्यक्रम के मुताबिक रमन सिंह इंदौर और धार का दौरा करेंगे। वे वहां पर सीएए को लेकर भाजपा की तरफ से चलाए जा रहे जनजागरण अभियान में हिस्सा लेंगे। रमन सिंह पहले इंदौर में कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहां पर लोगों से मिलेंगे और उसके बाद धार के लिए रवाना होंगे। वे 8 जनवरी को वापस रायपुर लौट आएंगे।
