दंतेवाड़ा। कटेकल्याण ब्लॉक के बेंगलूर गांव के दिव्यांग बालक सातवीं कक्षा के मड्डाराम को क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने प्यार भरा उपहार दिया है। इस उपहार में क्रिकेट किट के साथ ही एक पत्र भी भेजा है। इस पत्र और गिफ्ट को पाकर मड्डाराम काफी खुश है। इससे पहले साल के पहले दिन सचिन तेंदुलकर ने मड्डाराम के क्रिकेट खेलते वीडियो को शेयर करते उसके हौसले को सलाम किया था।
1 जनवरी को क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने एक वीडियो ट्वीटर पर शेयर किया था। जिसमें दिव्यांग मड्डाराम अपने दोस्तों के साथ क्रिकेट खेलते हुए नजर आता है। इस वीडियो में मड्डाराम दौड़ लगाकर रन भी पूरा करता है। इस वीडियो को देख सचिन ने उसके हौंसले को सलाम करते इस प्रेरणादायक वीडियो से साल की शुरूआत करने लोगों से कहा था।
इसके बाद अब सचिन तेंदुलकर ने मड्डाराम को क्रिकेट किट उपहार में भेजा है। इसके साथ ही एक पत्र भी मड्डाराम को भेजा है। पत्र में लिखा है प्रिय मड्डाराम, आप जिस तरह इस खेल का आनंद ले रहे हैं, उसे देखकर अच्छा लगा। ये आप और आपके दोस्तों के लिये मेरी तरफ से प्यार भरी भेंट है। खेलते रहिए।
