रायपुर, 22 जनवरी 2020
स्कूल शिक्षा मंत्री डाॅ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने बलौदाबाजार जिले के सिमगा में संचालित मदरसा में डिप्लोमा कोर्स करने वाली छात्राओं को प्रमाण-पत्र वितरित किए। छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड द्वारा सिमगा में छात्राओं के लिए मदरसा जामिया मादरे अहले सुन्नत वर्ष 2005 से संचालित है। यहां दीनी तालीम के साथ ही पहली से आठवीं तक आधुनिक शिक्षा भी दी जा रही है। इस वर्ष यहां 335 छात्राएं पढ़ रही है। यहां बोर्ड कक्षाओं का केन्द्र भी है। इस मदरसे में उर्दू और अरबी भाषा का एक वर्षीय डिप्लोमा कोर्स भी चलाया जाता है। डिप्लोमा कोर्स में सफल होने वाली छात्राओं को आज सर्टिफिकेट प्रदान किया गया। कार्यक्रम का आयोजन छत्तीसगढ़ उर्दू अकादमी द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष श्री सलाम रिजवी ने की। इस अवसर पर उर्दू शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वालों का सम्मान भी किया गया। इस मदरसे में छत्तीसगढ़ ही नहीं बल्कि दूसरे राज्य की लड़किया पढ़ाई कर रही है। मदरसे की बेहतर संचालन के लिए संचालिका शाहना नूरी और मदरसा कमेटी के अध्यक्ष डाॅ. जमाल कुरैशी की सराहना की गई। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ उर्दू अकादमी के सीईओ एम.आर. खान, नगर पंचायत अध्यक्ष भागवत सोनकर सहित विभिन्न समाज के लाग बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
