देश भर में धूमधाम से मनाया जा रहा गणतंत्र दिवस, पीएम मोदी ने देशवासियों को दी बधाई

नई दिल्ली: आज भारत 71वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। इस वर्ष, ब्राजील के राष्ट्रपति जेयर बोलसोनारो गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि के रूप में भारत पहुंचे हैं। इस अवसर पर पूरे देश में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। देश की राजधानी दिल्ली में 48 कंपनी केंद्रीय बल, 22 हजार पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। गणतंत्र दिवस परेड के दौरान जो भी जगह और इमारतें संवेदनशील मानी गई हैं, वहां दिल्ली पुलिस के ब्लैककैट कमांडो को सुरक्षा में लगाया गया हैं। परेड के बाद राष्ट्रपति भवन में आयोजित ‘एटहोम’ तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम बने रहेंगे।

गणतंत्र दिवस के अवसर पर पीएम मोदी ने भी ट्वीट करते हुए देशवासियों को बधाई दी है। वहीं, कांग्रेस पार्टी ने ट्वीट करते हुए कहा है कि हमारे पूर्वज हमें संविधान देने के लिए बहादुरी से लड़े थे। कांग्रेस ने आगे लिखा है कि संविधान हमें अधिकार और आजादी देता है, सरकार और सभी नागरिकों के लिए एक मागदर्शक प्रकाश के रूप में काम करता है। इसी के साथ कांग्रेस ने गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी हैं।

भारत के 71वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर 108 पदकों के साथ जम्मू कश्मीर पुलिस को सबसे ज्यादा वीरता पदक मिलने जा रहे हैं और इसके बाद केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) का नंबर आता है जिन्हें 76 पदक मिलने वाले हैं। यह जानकारी शनिवार को जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *