तीनों दोस्तों सहित दर्शाई खुद की हैवानियत…..निर्भया के दोषी विनय ने बनाई पेंटिंग

नई दिल्ली। निर्भया के 4 दोषियों में से एक विनय तिहाड़ जेल में पेंटिंग और शायरी लिखकर मौत की तारीख का इंतजार कर रहा है। विनय ने एक पेंटिंग निर्भया के साथ 16 दिसंबर 2012 की रात हुई वहशियाना हरकत पर भी बनाई है। विनय की पेंटिंग में एक मदद के लिए चीत्कार कर रही लड़की को दरिंदों के चंगुल में फंसा दिखाया गया है। इस पर 16 दिसंबर 2012 लिखा है। विनय ने इसके नीचे फांसी के 4 फंदे भी बनाए हैं।

पेंटिंग को देखने से प्रतीत होता है कि असहाय लड़की के साथ जो दरिंदगी हुई, उसका अंजाम फांसी है। विनय ने अपनी पेंटिग का नाम दरिंदा दिया है। विनय की मांग पर जेल प्रशासन ने उसे कागज, पेंसिल और ब्रश मुहैया कराया था। जेल में ही दोषी विनय ने 19 से भी ज्यादा पेंटिंग बनाई हैं। विनय ने अपनी मां और स्वर्गीय दादा की भी पेंटिंग बनाई है। अपनी मां के लिए बनाई गई पेंटिंग में उसने लिखा है कि आपको बहुत याद करता हूं। जेल सूत्रों की मानें तो विनय जेल में रातभर अपनी मां को याद कर रोता है।

निर्भया के दोषी विनय ने अपने चार मित्रों के नाम एक पत्र भी लिखा है। राजू, कमल, रोहित सिंह और दिनेश के नाम संबोधित करते हुए विनय ने लिखा कि है- मैं आप सभी दोस्तों को याद करता हूं और आपको प्यार करता हूं। मेरे सभी दोस्तों को मेरा एक पैगाम है। कभी भी किसी को वह मत कहना, जिसे तुम खुद बर्दाश्त न कर सको। अपने पत्र में विनय शर्मा ने कुछ शेर भी लिखे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *