शासकीय विश्वविद्यालयों में प्रवेश शुल्क में एकरूपता हो: श्री उमेश पटेल

रायपुर : उच्च शिक्षा मंत्री श्री उमेश पटेल ने कहा है कि सभी शासकीय विश्वविद्यालय में एक जैसा प्रवेश शुल्क होना चाहिए, इसके लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार करें। उन्होंनेरायपुर विश्वविद्यालयों में ऑनलाईन प्रवेश प्रक्रिया में सुधार के लिए अध्ययन समिति गठित करने के निर्देश दिए। श्री पटेल आज यहां मंत्रालय (महानदी भवन) में उच्च शिक्षा विभाग के तहत सभी शासकीय विश्वविद्यालय के कुलपति एवं कुलसचिव की विभागीय समीक्षा बैठक में विश्वविद्यालयों के काम-काज और प्रवेश प्रक्रिया सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

उच्च शिक्षा मंत्री श्री पटेल ने बैठक में कहा कि अगले शिक्षा सत्र से विश्वविद्यालयों परीक्षा परिणाम 15 जून तक घोषित किए जाए। उन्होंने कहा कि आकादमिक कैलेण्डर का अनिवार्य रूप से पालन होना चाहिए। उन्होंने कुलपतियों को परीक्षा में खराब प्रदर्शन करने वाले कॉलेजों का निरीक्षण कर कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। बैठक में मूल्यांकन केन्द्र, मूल्यांकनकर्ता, परीक्षा परिणाम, रूसा और यूजीसी के अंतर्गत निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई।

श्री पटेल ने विश्वविद्यालयों के नैक मूल्यांकन में पंडित रविशंकर और इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय को ए ग्रेड प्राप्त होने के लिए बधाई देते हुए अन्य विश्वविद्यालयों को भी नैक मापदण्ड के अनुरूप विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने विश्वविद्यालयों में रिक्त पदों भर्ती के संबंध में चर्चा की तथा आवश्यक निर्देश दिए।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा श्रीमती रेणु पिल्ले, आयुक्त उच्च शिक्षा श्री हिमशिखर गुप्ता, दुर्ग कमिश्नर व कुलपति दुर्ग विश्वविद्यालय श्री दिलीप वासनिकर, कमिश्नर रायपुर व कुलपति कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता विश्वविद्यालय श्री जी.आर. चुरेन्द्र सहित सभी विश्वविद्यालय के कुलपति और रजिस्टार उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *