तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार को कारण बताओ नोटिस
बालोद, 30 जनवरी 2020
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी(स्थानीय) श्रीमती रानू साहू ने आदेश जारी कर त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2019-20 के निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने एवं सहायक रिटर्निंग आफिसर के दायित्वों के निर्वहन में असफल रहने के कारण जनपद पंचायत डौण्डीलोहारा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दीपक ठाकुर को छ.ग. सिविल सेवा आचरण नियम 1965 एवं छत्तीसगढ़ पंचायत निर्वाचन नियम 1995 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। निलंबित अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय जिला पंचायत बालोद निर्धारित किया गया है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2019-20 के निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने पर श्री रामरतन दुबे तहसीलदार एवं रिटर्निंग आफिसर (पंचा) डौण्डीलोहारा और श्रीमती नमिता मारकोले सहायक रिटर्निंग आफिसर (पंचा) एवं नायब तहसीलदार डौण्डीलोहारा को कारण बताओ नोटिस जारी कर एक दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने कहा है।
