धमतरी : त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन-2020 : आदिवासी बाहुल्य नगरी विकासखण्ड में 83 प्रतिशत मतदाताओं ने किया मतदान

धमतरी 04 फरवरी 2020

त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन-2020 के तीसरे एवं अंतिम चरण में सोमवार 03 फरवरी को आदिवासी बाहुल्य विकासखण्ड नगरी में सम्पन्न हुए मतदान में मतदाताओं ने काफी संख्या में भाग लेकर जागरूक मतदाता होने का परिचय दिया। स्थानीय निर्वाचन शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार नगरी में कुल 83.08 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद पंचायत नगरी में कुल एक लाख 23 हजार 112 मतदाता हैं, जिनमें 60 हजार 117 पुरूष तथा 62 हजार 995 महिला मतदाता शामिल हैं। अंतिम आंकड़ों के अनुसार इनमें से 49 हजार 939 पुरूष मतदाताओं यानी 83.07 प्रतिशत ने मतदान किया। इसी तरह 52 हजार 343 महिला मतदाताओं ने पोलिंग बूथों में जाकर वोटिंग की, जिसका प्रतिशत 83.09 है। इस प्रकार कुल मतदाता में से एक लाख 02 हजार 282 अर्थात् 83.08 प्रतिशत वोटरों ने वोट देकर अपनी पसंद के प्रत्याशी के लिए मतदान किया। उल्लेखनीय है कि नगरी विकासखण्ड में कुल 249 मतदान केन्द्र बनाए गए थे, जिनमें से सभी बूथों में शांतिपूर्ण ढंग से मतदान निर्धारित समय में सम्पन्न हो गया। स्थानीय निर्वाचन शाखा से मिली जानकारी के अनुसार इनमें से 234 मतदान केन्द्रों में ही मतगणना की गई, जबकि 15 अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रों में डाले गए मतों की गणना आज सुबह दस बजे से ब्लॉक मुख्यालय में की गई। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री रजत बंसल ने जिले के मतदाताओं के प्रति आभार प्रकट किया तथा लोकतंत्र के महापर्व का हिस्सा बनने के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *