ये कैसी मां! दुधमुंहे समेत तीन बच्चों का दबाया गला, दो की मौत, शौचालय में छिपाया शव

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, घरेलू विवाद की वजह से एक कलयुगी मां ने अपने दो मासूम बच्चों को गला दबाकर मौत के घाट उतार दिया और उनके शव को शौचालय में छिपा दिया. जबकि तीसरा बच्चा बेहोश होने की वजह से बच गया.

मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम बिरगहनी का है. बताया जा रहा है कि आरोपी महिला का अपने पति के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. विवाद के बाद पति घर से कहीं चला गया था जिसके बाद महिला ने अपने तीनों बच्चों को मारने का प्रयास किया जिसमें दो बच्चे की गला दबाकर हत्या कर दी और उनका शव पड़ोस के घर के शौचालय में जाकर छिपा दिया. मृतक बच्चों में एक की उम्र 4 माह और दूसरे की 2 साल बताई जा रही है. वहीं 6 वर्षीय तीसरी बच्ची का भी आरोपी ने गला दबाने के बाद मृत समझकर पैरा में दबा दिया था. लेकिन बच्ची की किस्मत अच्छी रही और बेहोश होने की वजह से उसकी जान बच गई.

वहीं दूसरे दिन सुबह जब पति घर लौटा तो उसने बच्चों के बारे में पूछताछ की तो महिला ने वारदात की सारी जानकारी उसे दे दी. तीनों बच्चों की हत्या किये जाने की बात सुनकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई और उसने पुलिस को इसकी जानकारी दी. घटना के बाद मौके पर एसपी पारुल माथुर समेत पुलिस अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों का शव शौचालय के अंदर से बरामद किया. इसके साथ ही आरोपी महिला और उसके पति से पुलिस द्वारा पूछताछ की जा रही है.

इस पूरे मामले में एसपी पारुल माथुर ने बताया कि महिला द्वारा अपने बच्चों की हत्या करने की सूचना मिली थी, जिस पर जांच के लिए मौके पर पहुंचे हैं. पूछताछ में पता चला कि महिला और उसके पति के बीच विवाद हुआ था, इसके बाद महिला ने अपने बच्चों का गला दबाकर हत्या की है. इसकी पुष्टि उसकी 6 साल की बच्ची ने भी की है. फिलहाल मृतक दोनों बच्चों के शव को बरामद कर लिया गया है और महिला व उसके पति से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *