सुकमा: जिला पंचायत कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद पंचायत सुकमा, छिंदगढ और कोन्टा के 105 कन्या शौचालय विहीन विद्यालयों में 02 यूनिट प्री-फैब्रिक बालिका शौचालय बनाया जाएगा। प्रत्येक शौचालय के लिए 76700 रुपए की राशि स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के वर्ल्ड बैंक परफामेंस ग्रांट मद से स्वीकृत किया गया है।
इसके अन्तर्गत जनपद पंचायत छिन्दगढ़ में 32, जनपद पंचायत सुकमा के 23 और जनपद पंचायत कोण्टा के 50 कन्या शौचालय विहिन प्रायमरी व मिडिल स्कूलों में प्री. फैब्रिक बालिका शौचालय का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए संबंधित विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी एवं खण्ड स्त्रोत समन्वयक विकासखण्ड को निर्माण एजेंसी बनाया गया है।
जिले के 105 प्रायमरी व मिडिल स्कूलों में अलग से छात्राओं के लिए बालिका शौचालय का निर्माण किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य कन्या शिक्षा और सुरक्षा को बढ़ावा देना है। इससे छात्राओं के स्कूल छोड़ने की प्रवृत्ति में कमी आएगी।
