रायपुर : सिम्स द्वारा अरपा नदी में नहीं बहाया जाता है खून : सोशल मीडिया में वायरल वीडियो निराधार और गलत, सिम्स अधीक्षक ने पड़ताल कर स्वास्थ्य विभाग को बताई वस्तुस्थिति

रायपुर. 15 फरवरी 2020

सिम्स (CIMS – Chhattisgarh Institute of Medical Sciences), बिलासपुर द्वारा अरपा नदी में मानव-रक्त नहीं बहाया जाता है। सिम्स द्वारा नदी में खून बहाए जाने के संबंध में पिछले तीन-चार दिनों से वायरल वीडियो निराधार और गलत है। सिम्स के अधीक्षक ने 13 फरवरी 2020 को वीडियो में बताए गए स्थल का निरीक्षण कर और इस संबंध में पड़ताल कर स्वास्थ्य विभाग को वस्तुस्थिति से अवगत कराया है।

संयुक्त संचालक एवं अधीक्षक, सिम्स ने पत्र के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग के बिलासपुर संभाग के संयुक्त संचालक को जानकारी दी है कि स्थल निरीक्षण के दौरान नदी में किसी भी प्रकार के रक्त का सैंपल और लाल रंग का पानी नहीं मिला है। वीडियो में बताए गए अरपा नदी में मिलने वाले नाले में डबरीपारा मोहल्ले के नाली का पानी एवं सिम्स के केवल कन्या छात्रावास के नाली का ही पानी बहाया जाता है। सिम्स अस्पताल का पानी सीधे नदी में नहीं बहाया जाता है। इसका निकास गोड़पारा की तरफ नगर निगम की मुख्य नाली में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *