मध्यप्रदेश में बड़ा सियासी बवाल, कांग्रेस के विधायक लापता, भाजपा पर बंधक बनाने का लगाया आरोप

दिल्ली। मध्यप्रदेश में एक बार फिर सियासी संग्राम शुरू हो गया है। आधी रात को कांग्रेस के करीब दस विधायक लापता हो गए। कांग्रेस ने भाजपा पर उसके और बसपा के विधायकों को गुरुग्राम के एक होटल में बंधक बनाने का आरोप लगाया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा राज्य में कमलनाथ सरकार को गिराने में जुटी है और उसी ने विधायकों को बंधक बनाया है। दरअसल, ये सारा बवाल उस समय शुरू हुआ जब कल सुबह कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने ट्वीट किया कि भाजपा नेता भूपेंद्र सिंह बसपा विधायक रमाबाई को अपने साथ चार्टर्ड प्लेन से दिल्ली लाए हैं। इसके बाद पार्टी को पता चला कि उसके कई विधायक गायब हैं। ये अफवाहें तब और पुख्ता हो गई जब खबर मिली कि राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी दिल्ली पहुंच गए हैं।

देर रात को ये कंफर्म हुआ कि भाजपा ने बसपा विधायक रमाबाई के साथ सहयोगी पार्टियों और कुछ कांग्रेस विधायकों को गुरुग्राम के एक होटल में रखा है। इसके बाद आनन फानन में भोपाल से कांग्रेस के कद्दावर नेता और मंत्री जीतू पटवारी और जयवर्धन सिंह को दिल्ली के लिए रवाना किया गया। पटवारी ने बताया कि उनके होटल पहुचने से पहले ही सभी विधायकों को कहीं और भेज दिया गया था। फिलहाल राज्य में राजनैतिक अस्थिरता का आलम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *