महासमुंद । पति की मृत्यु के बाद कलेक्ट्रेट के एक विभाग में अनुकंपा नियुक्ति पर कार्यरत महिला कर्मी से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने चार आरोपितों पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला की ओर से सिटी कोतवाली को दिए आवेदन में महिला ने आरोप लगाया है कि अक्टूबर 2019 में पहली बार सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई। रात लगभग 10 बजे उसके आवास पर जयनारायण भोई आया था, उसके साथ शशांक शर्मा, रज्जो भारती एवं केपी पटेल भी थे। सामान्य मेल-मुलाकात के लिए आना बताया और मौका पाकर सभी ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
महिला के अनुसार घटना की रात दोनों बच्चे मामा के घर रायपुर गए थे। आरोपितों ने इसका वीडियो भी बनाया। और वीडियो दिखाकर उसे वायरल करने, जान से मारने की धमकी दी। महिला के अनुसार मामला यहीं खत्म नहीं हुआ, वीडियो वायरल करने का हवाला देकर आरोपितों ने उसे लगातार गलत संबंध बनाए रखने के लिए मजबूर किया।
पीड़िता के अनुसार इसके बाद आरोपितों की नजर उसकी बेटी पर खराब हो गई। आरोपित उसे वीडियो वायरल करने की धमकी देने के साथ ही बेटी को उठा लेने के लिए भी डराने लगे। इससे परेशान होकर महिला ने कार्यालय के वरिष्ट अधिकारी को मामले की जानकारी दी और गुस्र्वार को नारी मंच महिला संगठन के साथ पहुंचकर सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई।
टीआई राकेश खुंटेश्वर ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर शशांक शर्मा पुलिस आरक्षक, रज्जो भारती निवासी बकतरा आरंग, जयनारायण भोई व केपी पटेल शिक्षक के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।