चीन के वुहान से फैले कोरोना वायरस ने दुनियाभर में 7000 से ज्यादा लोगों की जानें ले ली है, जबकि 1.80 लाख से ज्यादा लोग इससे संक्रमित हैं। वहीं भारत में भी रोज कोरोना के नए मामले सामने आ रहे हैं। देश में इससे सबसे ज्यादा पीड़ित महाराष्ट्र में हैं। हर दिन कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं, जिसको लेकर सरकार से लेकर स्वास्थ्य एजेंसियां लोगों को सावधानी बरतने की अपील कर रही हैं। भीड़ में जाने और रहने से लोगों को मना किया जा रहा है। हाथ मिलाने की जगह नमस्ते करने की अपील की जा रही है। बस से लेकर मेट्रो-ट्रेनों तक और घर से लेकर बाजार व कार्यस्थल तक लोग मास्क पहने नजर आ रहे हैं। लेकिन सवाल यह है कि क्या हर किसी को मास्क पहनना जरूरी है? इसको लेकर लोगों के बीच उहापोह की स्थिति है। ऐसी तमाम आशंकाओं को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी साझा की है। बताया है कि किस स्थिति में, किसे और कब मास्क पहनना चाहिए:
पहला सवाल यह है कि क्या हर किसी को मास्क पहनना जरूरी है?
- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार हर किसी को मास्क पहनना जरूरी नहीं है।
- मास्क पहनना उनके लिए जरूरी है, जिन्हें कोई संक्रमण है।
- खांसी, बुखार या सांस लेने में तकलीफ हो तभी मास्क पहनना जरूरी है।
- यदि कोई कोरोना वायरस से पीड़ित है या फिर कोरोना के किसी संदिग्ध मरीज की देखभाल कर रहा हो, जैसे डॉक्टर, नर्स या फिर पीड़ित के परिवार का सदस्य हो, तो उन्हें मास्क पहनना जरूरी है।
- स्वास्थ्य मंत्रालय के निर्देशानुसार यदि आप किसी ऐसी जगह पर हों जहां पर कोरोना वायरस से पीड़ित मरीज रहता हो, तो आपको मास्क पहनना जरूरी है। मास्क पहनने में भी कुछ बातों का ध्यान रखना बहुत जरूरी है।
अब सवाल यह है कि मास्क पहनते वक्त किन बातों का ध्यान रखा जाना जरूरी है। - मास्क को ठीक से खोलें और ध्यान रखें कि उसके दोनों हिस्से एक दूसरे से अलग हों।
- मास्क को इस तरह से पहनें कि आपका मुंह, नाक और ठोढ़ी ढक जाए।
- मास्क पहने रहें तो इसे बार-बार न छुएं।
-
अक्सर देखा जाता है कि लोगा मास्क पहनने के दौरान कभी कभार इसे नाक मुंह पर से हटा कर गले पर लटका लेते हैं। ऐसा बिल्कुल न करें। ऐसा करने से अगर वायरस आपके मास्क की सतह पर आ गया होगा तो यह आपके गले से होकर आपको संक्रमित कर सकता है।यह भी देखा जा रहा है कि लोग एक ही मास्क को हर दिन पहन रहे हैं। ऐसा न करें। अगर मास्क गीला हो जाए तो उसे 6 घंटे के अंदर बदल लें। इस्तेमाल किए गए डिस्पोजल मास्क को दुबारा प्रयोग में ना लाएं और इसे हमेशा बंद कूड़ेदान में डाल दें।मास्क को हटाते समय शरीर के किसी भी दूषित हिस्से को ना छुएं। मास्क हटाने के बाद अपने हाथ को साबुन और पानी से अच्छी तरह धो लें या फिर अल्कोहल वाले सैनेटाइजर से हाथ साफ कर लें।दुनियाभर के अलग-अलग देशों में कोरोना के इलाज को लेकर रिसर्च हो रही है। इधर, देश में भी स्वास्थ्य एजेंसियां इसके उपचार ढूंढने में लगी हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोरोना वायरस को लेकर नई हेल्पलाइन जारी की है। हेल्पलाइन नंबर 1075 पर 24 घंटे संपर्क किया जा सकता है। वहीं, इससे पहले मंत्रालय 011-23978046 नंबर भी जारी कर चुकी है। आप चाहें तो, जानकारी या सहायता के लिए ncov2019@gmail.com पर ई-मेल भी कर सकते हैं।
