रायपुर : कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने डोंगरगढ़ मेला स्थगित

छत्तीसगढ़ सहित महाराष्ट्र एवं मध्यप्रदेश के सीमावर्ती जिला कलेक्टरों से दर्शनार्थियों को सूचित करने का अनुरोध

रायपुर, 18 मार्च 2020

कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए राज्य शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के तहत चैत्र नवरात्रि पर्व पर डोंगरगढ़ में आयोजित होने वाले मेला को स्थगित कर दिया गया है। मेला स्थगित होने की सूचना दर्शनार्थियों तक पहुंचाने के लिए कलेक्टर राजनॉदगॉव ने छत्तीसगढ़ सहित महाराष्ट्र एवं मध्यप्रदेश के सीमावर्ती जिलों के कलेक्टरों को पत्र भेजकर अनुरोध किया है।
कलेक्टर राजनॉदगॉव द्वारा प्रदेश के दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर, जांजगीर-चापा, कोरबा एवं रायगढ़ जिले के कलेक्टरों तथा महाराष्ट्र के नागपुर, भंडारा, गोंदिया एवं गढ़चिरौली और मध्यप्रदेश के मंडला एवं बालाघाट जिले के कलेक्टरों को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि  आगामी 25 मार्च से 02 अप्रैल तक चैत्र नवरात्रि पर्व/मेला का आयोजन मॉ बम्लेश्वरी देवी डोंगरगढ़ में आयोजन होता है। मेला अवधि में लाखों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए माँ बम्लेश्वरी डोंगरगढ़ आते हैं। कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए इस वर्ष जिला प्रशासन द्वारा मंदिर परिक्षेत्र में दर्शनार्थियों के प्रवेश को प्रतिबंधित करने का निर्णय लिया गया है। रोप-वे संचालन को बंद किया गया है। स्पेशल ट्रेनों का संचालन तथा ट्रेनों का स्टापेज नहीं करने का निर्णय लिया गया है। इन निर्णयों से दर्शनार्थियों को सूचना नहीं मिलने से परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए अपने जिले की आम जनता तक प्रचार प्रसार के माध्यम से सूचना पहुंचाने का कष्ट करें। कलेक्टरों से कहा गया है कि अपने क्षेत्राधिकार में आने वाले रेल्वे के वरिष्ठ अधिकारियो के साथ समन्वय स्थापित कर उद्घोषणा, बैनर, पोस्टर, फलैक्स के माध्यम से दर्शनार्थियों तक डोंगरगढ़ मेला स्थगित होने की सूचना पहुंचाने का कष्ट करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *