सुगम स्वस्थ सूरजपुर के जरिये जिला प्रशासन की विशेष पहल
रायपुर 18 मार्च 2020
राज्य सरकार के मार्गदर्शन में सूरजपुर जिला प्रशासन द्वारा ‘सुगम स्वस्थ सूरजपुर‘ के तहत स्वैच्छिक जीवन रक्षक सुराजी सैनिकों द्वारा सड़क दुर्घटना में घायल और गंभीर मरीजों को तत्काल चिकित्सा केन्द्रों में पहुंचाकर एक हजार 704 से अधिक लोगों के जीवन को बचाया गया है।
इस विशेष पहल के तहत वाहन मालिकों द्वारा स्वैच्छिक जीवन रक्षक सैनिकों के रूप में मरीजों को तत्काल स्थानीय अथवा आस-पास के स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाकर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराया जाता है। इस पहल में शामिल वाहन मालिक जिला प्रशासन के समन्वय से अपने गांव सहित आस-पास के गांवों तथा नगरों में गंभीर रूप से बीमार मरीजों को त्वरित चिकित्सा सुविधा के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केन्द्र और जिला अस्पताल तक ले जाया जाता है। वर्तमान समय में सुगम स्वस्थ्य सूरजपुर द्वारा 16 मार्च 2020 की स्थिति में एक हजार 183 वाहनों को सुगम स्वस्थ सूरजपुर अंतर्गत पंजीकृत किया गया है, जिनके माध्यम से सूरजपुर जिले के एक हजार 704 से अधिक मरीजों को नया जीवन प्रदान किया गया है। मरीजों को तत्काल स्वास्थ्य केन्द्र तक लाने वाले इन स्वैच्छिक जीवन रक्षक सुराजी सैनिकों को प्रोत्साहन राशि भी दी जा रही है।
