अब घर-घर में होगा लॉकडाउन, ‘रामायण’ के साथ ‘महाभारत’ का भी प्रसारण आज से

नई दिल्ली, जेएनएन। अस्सी के अंतिम सालों में बड़े हो रहे लोगों को वो सुबह याद होंगी, जब बिना किसी कर्फ़्यू के रास्तों पर सन्नाटा पसर जाता था। कोरोना वायरस कोविड 19 के प्रकोप के चलते जो सन्नाटा सड़कों पर इस वक़्त है, कुछ वैसा ही वीराना तब नज़र आता था, जब रामायण और महाभारत के दीवाने अपने-अपने घरों में लॉकडाउन हो जाया करते थे। एक बार फिर उसी दौर की यादें ताज़ा होने वाली हैं।

कोरोना वायरस के लॉकडाउन के चलते लोगों को स्वस्थ मनोरंजन देने के उद्देश्य से भारतीय टीवी इतिहास के इन दोनों सफलतम शोज़ का प्रसारण फिर किया जा रहा है। सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने इसका एलान किया है।

शो में नितीश भारद्वाज ने भगवान कृष्ण का रोल निभाया था, जबकि अर्जुन के किरदार में फिरोज़ ख़ान थे। इस शो ने फ़िरोज़ को इतनी लोकप्रियता दिलवाई कि उन्होंने असल ज़िंदगी में भी अपना नाम बदलकर अर्जुन कर लिया था। मुकेश खन्ना ने भीष्म पितामह का किरदार निभाया था, जो आज भी उनकी ख़ास पहचान है। इनके अलावा गजेंद्र चौहान ने युधिष्ठिर और प्रवीण कुमार ने भीम का रोल प्ले किया था। रूपा गांगुली द्रौपदी के रोल में थीं। ख़ास बात यह है कि इनमें अधिकांश कलाकारों को महाभारत ने ही लोकप्रियता दिलाई थी।

इससे पहले जावड़ेकर ने शुक्रवार सुबह ट्वीट करके बताया था कि जनता की मांग पर शनिवार यानि 28 मार्च से दूरदर्शन के राष्ट्रीय चैनल पर रामायण का फिर से प्रसारण होगा। पहला एपिसोड सुबह 9 बजे और दूसरा एपिसोड रात 9 बजे प्रसारित किया जाएगा। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया में कई लोगों ने इसको लेकर ट्वीट किये थे कि लॉकडाउन के दौरान घरों में वक़्त बिताने के लिए रामायण अच्छा विकल्प है।

प्रकाश जावड़ेकर के इस ट्वीट के बाद तमाम लोगों ने ख़ुशी ज़ाहिर करते हुए महाभारत और चाणक्य के पुन: प्रसारण की मांग उठाई थी। रामायण का निर्माण और निर्देशन हिंदी सिनेमा के वेटरन फ़िल्ममेकर रामानंद सागर ने किया था। रामायण के नाम दुनिया में सबसे अधिक देखे जाने वाले टीवी शो का भी रिकॉर्ड है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *