छत्तीसगढ़ में कोरोना वायरस के दो और मामलों की पुष्टि, संक्रमित लोगों की संख्या नौ हुई

रायपुर. छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस (Corona Virus) संक्रमण के दो नए मामले सामने आने के बाद राज्य में इस वायरस से संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है. इनमें से दो लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है. राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार यहां बताया कि रायपुर निवासी लगभग 25 वर्षीय युवती में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है. युवती को रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया है. युवती कुछ दिनों पहले लंदन से लौटी है.

इससे पहले सुबह स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया था कि सोमवार रात कोरबा शहर के एक युवक में कोरोना वायरस की पुष्टि होने के बाद उसे एम्स में भर्ती कराया गया. राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान दो लोगों में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की पुष्टि की गई है. उन्होंने बताया कि इस वायरस से संक्रमित हुए दो लोगों- रायपुर निवासी 68 वर्षीय व्यक्ति और भिलाई निवासी 33 वर्षीय युवक को इलाज के बाद एम्स से छुट्टी दे दी गई.

अधिकारियों ने बताया कि रायपुर के एम्स में पांच मरीजों तथा बिलासपुर और राजनांदगांव जिले के अस्पतालों में एक-एक मरीज को भर्ती कराया गया है. उन्होंने बताया कि राज्य में अब तक कोरोना वायरस के कुल 787 संभावित व्यक्तियों की पहचान कर उनके नमूनों की जांच की गई है. अभी तक 732 लोग संक्रमित नहीं पाए गए हैं तथा 46 की जांच जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *