कोरबा,9 अप्रैल 2020। ज़िले के कटघोरा में कोविड 19 का दूसरा मरीज मिलने के बाद देर रात कलेक्टर किरण कौशल ने कटघोरा में देर रात से कंपलीट लॉकडॉउन का आदेश जारी कर दिया है।कलेक्टर किरण कौशल ने अब से कुछ देर पहले हालात की समीक्षा के बाद उक्ताशय के आदेश जारी कर दिए हैं।
इस बीच यह स्पष्ट कर दें कि, जिस दूसरे व्यक्ति को कोरोना संक्रमित पाया गया है वह किसी जमात या तबलीग का हिस्सा नहीं है, बल्कि वह मस्जिद के पास का निवासी था और नियम से मस्जिद जाता था। जिला प्रशासन ने सूचना के आधार पर प्रारंभिक तौर पर सात लोगों को क्वारनटाईन किया था, यह व्यक्ति उन्हीं में से एक है।प्रशासन ने हालाँकि इस वक्त करीब 53 लोगों को क्वारनटाईन कर रखा है।
पहला मरीज मिलते ही जिला प्रशासन ने उस पूरे ईलाके को सील कर दिया था। उस इलाक़े के लोग ना बाहर जा सकते हैं और ना बाहरी कोई उस इलाक़े में आ सकता है। प्रशासन ने पूरे इलाक़े को सेनेटाईज भी कराया है।
देर शाम दूसरे मरीज़ की पुष्टि होते ही कलेक्टर किरण कौशल हरकत में आ गई, और उन्होने रात को ही अधिकारियों की बैठक बुलाई और अब से कुछ देर पहले समूचे कटघोरा क्षेत्र में कंपलीट ब्रेक डाउन लागू करने का आदेश जारी कर दिया।
