मुंबई. महाराष्ट्र (Maharashtra) के सीएम उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) ने रिटायर्ड मिलिट्री ऑफिसर्स से अपील की है कि अगर वे मेडिकल क्षेत्र में अनुभवी हैं तो सरकार के पास आएं. ठाकरे ने कहा, ‘मैं सभी सेवानिवृत्त सैन्यकर्मियों जिनके पास मेडिकल फील्ड, नर्स, वार्ड बॉय का अनुभव है और जिन्होंने प्रशिक्षण पूरा कर लिया है, लेकिन किसी कारण से काम नहीं किया है तो मैं आपसे अपील करता हूं कि हमसे जुड़ने के लिए आगे आएं. महाराष्ट्र को आपकी जरूरत है.’
ठाकरे ने कहा कि सेना के पूर्व स्वास्थ्य सेवा कर्मी, सेवानिवृत्त नर्सें और वार्ड बॉय कोरोना वायरस के खिलाफ युद्ध में शामिल हों. उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के कारण हुई असुविधा के लिए खेद है लेकिन हमारे पास कोई दूसरा विकल्प नहीं है और अपने घरों से बाहर निकलते समय लोगों को मास्क का इस्तेमाल करना चाहिए.
बता दें महाराष्ट्र में बुधवार को कोरोना वायरस के 60 नए मामले सामने आए और इसके साथ ही राज्य में अब इस महामारी से पीड़ित लोगों की संख्या 1,078 हो गई है. स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि 60 नए मामलों में से 44 मामले मुंबई में, पुणे में नौ, नागपुर में चार और अहमदनगर, अकोला तथा बुलढाना में एक-एक नया मामला सामने आया है. अधिकारी ने कहा कि राज्य में आज 60 लोगों के कोरोना संक्रमित होने की रिपोर्ट मिली.
