वैश्विक महामारी कोरोना वायरस से निपटने के लिए लॉकडाउन को तीन मई तक बढ़ा दिया गया है, लेकिन संक्रमितों और मृतकों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 1076 नए मामले सामने आए और 38 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद देश में कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 11,439 हो गई है। जिसमें 9756 सक्रिय हैं, 1306 स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 377 लोगों की मौत हो गई है। आज राजस्थान में 29 और मुंबई के धारावी में पांच नए मामले सामने आए हैं
चेन्नई का चेतपेट इलाका कोरोना हॉटस्पॉट घोषित
तमिलनाडु में चेन्नई के चेतपेट इलाके को कोरोना हॉटस्पॉट घोषित किया गया है। क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित है। जिला प्रशासन द्वारा इस इलाके में पुलिस बल तैनात किए गए हैं।
