शराब दुकानें खुलते ही अपराध बढ़ने लगे….शराबी युवक ने मां और छोटी बहन को मार डाला…टंगिया हाथ में लेकर इलाके में फैलाया दहशत

मुंगेली, 7 मई 2020। मुंगेली में गुरूवार को सुबह एक झंकझोरने वाली घटना में शराब के नशे में एक धुत युवक ने मामूली विवाद में अपनी मां और सगी छोटी बहन की टंगिया मारकर हत्या कर दिया। मां को पहले टंगिया से सिर काट कर धड़ से अलग कर दिया। मां को बचाने पहुंची बहन को भी उसने नहीं बख्शा। बहन पर उसने ताबड़तोड़ टंगिया का प्रहार कर दिया।
मुंगेली में आज इस वारदात से सनसनी फैल गई। पुलिस अधिकारियों ने मीडिया को बताया कि शराब के आदी सोनू यादव का आज अपनी मां के साथ शराब पीने को लेकर विवाद हो गया। वह शराब खरीदने के लिए मां से पैसा मांग रहा था। मां ने उसे समझाने का प्रयास किया। इस मामूली सी बात पर आरोपी ने घर के भीतर से टंगिया लेकर आया। और, अपनी मां पर टूट पड़ा। मां का सिर काटने के बाद उसने अपनी बहन पर अटैक कर दिया। बहन मां को बचाने आई थी।
घटना के बाद इलाके में कोहराम मच गया। मां और बहन को मारने के बाद आरोपी हाथ में टंगिया लेकर मुहल्ले में घूमने लगा। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। बड़ी मुश्किल से उस पर काबू पाया जा सका।
आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस जब उसके घर पहुंची तो वहां का दृश्य देखकर सन्न रह गई। पूरे घर में खून पसरा हुआ था। महिला का सिर अलग और धड़ अलग पड़ा हुआ था। आरोपी की बहन बरामदे में बेहोश पड़ी हुई थी। टंगिया के वार से उसक इतना रक्तस्त्राव हो गया था कि अस्पताल में उसे बचाया नहीं जा सका। मां की उसने ऐसी बेरहमी से हत्या की थी कि यहां उसकी फोटो नहीं दी जा सकती।
पुलिस अधिकारी भी मानते हैं कि लॉकडाउन में शराब दुकानें बंद थी तो अपराध नहीं हो रहे थे। शराब दुकानें खुलते ही अपराध फिर बढ़ने लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *