आम से भरा ट्रक पलटने से 5 मजदूरों की मौत, 11 घायल

भोपाल। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. देर रात मुंगवानी थाना क्षेत्र में आम से भरा एक ट्रक पलटने से 5 मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि 11 मजदूर घायल हैं. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है.

पुलिस के मुताबिक आम के ट्रक में 20 मजदूर सवार थे. जिसमें से 11 मजदूर झांसी और 9 एटा के रहने वाले हैं. ये सभी मजदूर हैदराबाद से उत्तर प्रदेश अपने घर जाने के लिए निकले थे. घटना की जानकारी लगते ही कलेक्टर दीपक सक्सेना और पुलिस अधीक्षक गुरकरन सिंह सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचकर हादसे का शिकार हुए मजदूरों की मदद की.

पुलिस प्रशासन ने घायल मजदूरों को एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल में भर्ती करवाया है, जहां इलाज चल रहा है. वहीं मृतक मजदूरों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया है. बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार होने की वजह से आम से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलटा है.

हादसे में हुई मजदूरों की मौत पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दुख जताते हुए ट्वीट किया है. उन्होंने कहा कि नरसिंहपुर में ट्रक पलटने से हुए हादसे में कई अनमोल जिंदगियों के असमय काल कवलित और घायल होने के समाचार से अत्यंत दुःखी हूं. ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं. विनम्र श्रद्धांजलि!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *