कोरबा, सुकमा, बीजापुर और दंतेवाड़ा के शिक्षा अधिकारियों के साथ की वीडियों कांफ्रेंसिंग
रायपुर, 11 मई 2020
प्रदेश के राजस्व मंत्री श्री जयसिंह अग्रवाल ने आज यहां रायपुर से वीडियों कांफ्रेंसिंग के जरिए अपने प्रभार के जिले सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर और गृह जिला कोरबा में शासन के स्कूलों में शिक्षण सुवधिाओं की जानकारी ली तथा आगामी दिनों में स्कूलों में जरूरी आवश्यकताओं, अधोसंरचना सहित बेहतर शिक्षा के लिए शिक्षा अधिकारियों से सुझाव और प्रस्ताव मांगे। राजस्व मंत्री ने कहा है कि स्कूलों में शिक्षण संस्थानों के लिए डीएमएफ, सीएसआर सहित अन्य मदों से राशि उलब्ध रायी जाएगी।
शिक्षा अधिकारियों ने छात्रों को ऑनलाइन शिक्षा की सुविधा ’पढ़ई तुंहर दुआर’ के तहत दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट कनेक्टिविटी और छात्रों को एंडराइड मोबाईल की आवश्यकता बतलाई। इसी तरह से एकल शिक्षक वाली शालाओं में शिक्षकों के युक्तिकरण सहित स्कूल भवनों की जरूरत बताई। राजस्व मंत्री अग्रवाल ने सुकमा और बीजापुर में नक्सली क्षेत्रों में बंद स्कूलों को शुरू करने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए है। श्री अग्रवाल ने जिला शिक्षा अधिकारियों को स्कूलों में शिक्षकों की आवश्यकता तथा शिक्षक ट्रेनिंग के प्रस्ताव जिला कलेक्टरों को देने के निर्देश दिए है। वीडियों कांफ्रेंसिंग में जिला एवं ब्लॉक के शिक्षा अधिकारी एवं प्राईवेट शिक्षण संस्थाओं के प्राचार्य और शिक्षकों ने भाग लिया।
