सीबीएसई का बड़ा फैसला, 9वीं और 11वीं में फेल हुए स्‍टूडेंट को दिया जाएगा एक और मौका….स्कूल फिर लेंगे टेस्ट

नयी दिल्ली 14 मई 2020। सीबीएसई ने बड़ा फैसला लिया है। इस साल 9वीं और 11वीं में फेल छात्रों को दोबारा मौका दिया जायेगा। छात्रों को स्कूल आधारित टेस्ट के आधार पर अपना परफार्मेंस सुधारने और पास कर अगले क्लास प्रमोशन का मौका मिलेगा।ये मौका उन छात्रों को दिया जाएगा जिनके एग्जाम पूरे हो गए हैं और रिजल्ट आ गए हैं या उनके एग्जाम पूरे नहीं हो पाए हैं. ये टेस्ट सब्जेक्ट और उनके अटेंप्ट के आधार पर लिए जाएंगे।

सीबीएसई ने कहा है कि स्कूल ऐसे बच्चों से दोबारा संपर्क करके उनके ऑनलाइन या ऑफलाइन या इनोवेट‍िव टेस्ट कराएंगे और ये तय करेंगे कि उन्हें टेस्ट के आधार पास किया जा सकता है या नहीं. इसके लिए स्कूल बच्चों को तैयारी का उचित समय भी देंगे. ये नियम सीबीएसई से संबद्ध सभी स्कूलों पर लागू होगा.सीबीएसई ने गुरुवार जारी नोटिफिकेशन में ये भी स्पष्ट किया है कि ये मौका सिर्फ इसी साल दिया गया है. ये फैसला कोविड 19 के हालातों को देखते हुए लिया गया है जो कि भविष्य में मान्य नहीं होगा.

सीबीएसई द्वारा जारी किए गए नोटिस को खुद मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल ने अपने ट्विटर हैंडर पर शेयर किया है. उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, “सभी सीबीएसई स्कूलों को निर्देशित किया जा रहा है कि 9वीं एवं 11वीं में जो बच्चे अनुत्तीर्ण हो गए हैं, ऐसे सभी बच्चों को ऑनलाइन/ऑफलाइन/इनोवेटिव तरीके से टेस्ट लेने का एक अवसर प्रदान करें.”

सीबीएसई के नोटिफिकेशन के मुताबिक, “कोविड-19 की वजह से पूरा देश चुनौतीपूर्ण समय का सामना कर रहा है. यह अभूतपूर्व हालात हैं. बच्‍चे घरों में बंद हैं. उनके स्‍कूल बंद हैं. वे मानसिक तनाव और बेचैनी महसूस कर रहे हैं. अभिभावकों को वेतन और परिवार के स्‍वास्‍थ्‍य की चिंता है. ऐसे मुश्किल समय में जो बच्‍चे स्‍कूल परीक्षाओं में पास नहीं हो पाए हैं वे और भी ज्‍यादा दुखी होंगे. सीबीएसई को लगातार ऐसे छात्रों की ओर से सवाल मिल रहे हैं. लगातार अभिभावकों के सवाल भी मिल रहे हैं. ऐसी मुश्किल घड़ी में छात्रों को तनाव को दूर करने और उनकी घबराहट को कम करने के लिए हम सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *