रायपुर : ग्रामोद्योग बना रोजगार का सशक्त माध्यम

समूह की महिलाओं को रोजगार मिलने से आर्थिक स्थिति हुई सुदृढ़

रायपुर, 16 मई 2020

छत्तीसगढ़ राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के निर्देशन और ग्रामोद्योग मंत्री गुरु रूद्रकुमार के नेतृत्व में आर्थिक ग्रामीण व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण करने की दिशा में ग्रामोद्योग रोजगार उपलब्ध कराने का एक सशक्त माध्यम बन गया है।
उल्लेखनीय है कि ग्रामोद्योग विभाग कोरोना की लड़ाई में अपनी सहभागिता निभाते हुए, संक्रमण से बचाव के लिए तीन लाख 50 हजार से भी अधिक मास्क बनाने के साथ ही विभिन्न विभागों को मास्क तैयार करने के लिए लगभग 19 हजार मीटर से अधिक कपड़े की आपूर्ति की है। विभागीय अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ राज्य हाथकरघा विकास एवं विपणन सहकारी संघ तथा छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने ग्रामीण क्षेत्रों के स्व-सहायता समूह की महिलाओं से मास्क तैयार कर शासकीय विभागों और अन्य संस्थाओं में आपूर्ति की गई है। स्व-सहायता समूह की महिलाओं को जहां लॉकडाउन के दौरान नियमित रोजगार उपलब्ध हुआ है वहीं उनकी आर्थिक स्थिति भी सुदृढ़ हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *