सूरजपुर : पढ़ई तुंहर दुआर कार्यक्रम से सूरजपुर के बच्चे हो रहे लाभान्वित : असाइनमेंट अपलोड कर किया जा रहा समस्याओं का समाधान

सूरजपुर 17 मई 2020

कोरोना वैश्विक वायरस के प्रभाव के कारण विद्यालयों को समय से पहले बंद कर दिए गए है ऐसी स्थिति में शासन स्तर पर पढ़ई तुंहर दुआर कार्यक्रम के माध्यम से कक्षा पहली से 12वीं तक के बच्चों को ऑनलाइन पढ़ाई से जोड़े रखने की कवायद पूरे प्रदेश में की जा रही है। ऐसे में जिले का सूरजपुर विकासखंड भी अछूता नहीं है। कलेक्टर श्री दीपक सोनी के निर्देषन में एवं जिला शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय, विकास खंड शिक्षा अधिकारी के.सी.साहू के मार्गदर्शन में सूरजपुर विकासखंड के सभी 22 संकुल में मास्टर ट्रेनर एवं विषय विशेषज्ञों द्वारा बच्चों को ऑनलाइन पढ़ाया जा रहा है एवं उनके असाइनमेंट को चेक करने के पश्चात् उनके शंकाओं का समाधान किया जा रहा है। सूरजपुर विकासखंड में पढ़ाई तुहर द्वार कार्यक्रम अंतर्गत कुल पंजीकृत शिक्षकों की संख्या 1662 है। निर्मित वर्चुअल कक्षाओं में विद्यार्थियों को अध्यापन पश्चात् असाइनमेंट अपलोड किए गए हैं जिसमें विधार्थियों द्वारा दिए गए असाइनमेंट को हल कर अपलोड किया जा रहा है, जिसे शिक्षकों द्वारा चेक किया जा रहा है। विकासखंड के शिक्षक धर्मानन्द गोजे, दिनेश साहू, सोनाली लश्कर, नवीन जायसवाल, अनुज नारायण दुबे, गौरी शंकर पांडेय, भुनेश्वर सिंह व सीमांचल त्रिपाठी द्वारा वर्चुअल कक्षा अध्यापन व शंका समाधान का कार्य किया जा रहा है। विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए 36 सवालों (शंकाओं) से 23 शंकाओं का समाधान अब तक कर लिया गया है। इसके अतिरिक्त जिले स्तर पर समय-सारणी प्रसारित कर सिस्को वेबैक्स मीटिंग ऐप के माध्यम से इंटरएक्टिव कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। इसमें बच्चे सीधे शिक्षक से संपर्क में आते हैं, वे उन्हें न केवल देख सकते हैं अपितु उन्हें सुन सकते हैं और अपनी समस्याओं का तत्काल समाधान भी प्राप्त कर पा रहे हैं। पढ़ई तुंहर दुआर साईट पर उपलब्ध पाठ्य सामग्रियों का अध्ययन भी बच्चों द्वारा किया जा रहा है।

खंड शिक्षा अधिकारी श्री साहू ने बताया कि विकासखंड के सभी ग्राम पंचायतों में शिक्षक-शिक्षिकाओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व मितानिन की संयुक्त दल द्वारा कोरोना वायरस एक्टिव सर्विलांस टीम के रुप मे डोर टू डोर सर्वे कार्य किया जा रहा है, इनके माध्यम से भी कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु बच्चों एवं उनके पालको को कार्यक्रम में जुडकर लाभ लेने हेतु प्रेरित करने का कार्य किया जा रहा है। खंड शिक्षा अधिकारी के निर्देशानुसार संकुल स्तरीय शिक्षकों की बैठको का आयोजन सिस्को वेबेक्स पर किया जा रहा है इस कड़ी में अब तक जयनगर व रामनगर संकुल के शैक्षिक समन्वयक व संकुल प्रभारी द्वारा शिक्षकों की ऑनलाइन मीटिंग लेकर प्रत्येक स्कूल से शिक्षकों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त कर पढ़ई तुंहर दुआर अंतर्गत विषय आधारित वीडियो, ऑडियो व टीएलएम तैयार कर साइट में अपलोड करने हेतु जानकारी दी जा रही है। ऑनलाइन पढाई उपलब्ध होने से जहां बच्चों के समय का सदुपयोग हो पा रहा है तो वहीं बच्चों को पढ़ाई करते देख अभिभावकों में भी खुशी देखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *