रायपुर पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च, बेवजह सड़क पर घूमने वालों को दी ये सख्त हिदायत

रायपुर. राजधानी रायपुर (Raipur) में शनिवार को पुलिस ने फ्लैग मार्च निकालकर टोटल लॉकडाउन (Total Lockdown) का पालन करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही सड़क पर बेवजह घूमने वालों को सख्त हिदायत दी गई है कि बिना मतलब घूमने पर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. एसएसपी आरिफ शेख के नेतृत्व में पुलिस ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय से फ्लैग मार्च निकालते हुए शहर के सभी प्रमुख चौक चौराहों से होते हुए पूरा नगर भ्रमण किया है. इस दौरान बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर भी नजर आए जिनको रोक-रोक कर पुलिस के द्वारा चेतावनी दी गई कि लॉक डाउन के नियमों को तोड़ने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की हो सकती है.

गौरतलब है कि राज्य शासन ने पूरे मई के महीने में हर शनिवार और रविवार को 2 दिनों का total lockdown करने के निर्देश दिए हैं. इसका पालन प्रशासन की ओर से कराया जा रहा है. यह 2 दिनों का टोटल लॉकडाउन शुक्रवार की रात से ही शुरू हो जाता है जो सोमवार के सुबह 7:00 बजे तक रहता है. इस तरह लगभग 55 घंटों का पुलिस प्रशासन द्वारा टोटल लॉकडाउन किया जाता है.

केवल जरूरी सेवाओं को अनुमति

इस दौरान केवल जरूरी सेवा के रूप में मेडिकल स्टोर, पेट्रोल पंप, सब्जी की दुकानें ही खुली रहती है बाकी सभी दुकानों को खोलने पर प्रतिबंध रहता है. इस तरह टोटल लॉकडाउन के माध्यम से लोगों को घरों में रोकने की कोशिश की जा रही है. हाल के दिनों में छत्तीसगढ़ में तेजी से कोरोना संक्रमण के मामले बढ़े हैं और शुक्रवार को एक ही दिन में 40 मामले निकल कर सामने आए हैं.

ऐसे में कोरोना के सामुदायिक फैलाव को रोकने के लिए सप्ताहांत में 2 दिनों का टोटल लॉकडाउन और ज्यादा महत्वपूर्ण हो जाता है. एसएसपी आरिफ शेख का कहना है कि लॉकडाउन 4 के दौरान बड़ी संख्या में लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं और नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं. यही वजह है कि फ्लैग मार्च निकालकर 2 दिनों के टोटल लॉकडाउन को प्रभावी बनाने के लिए लोगों को समझाइश दी जा रही है और जो लोग पालन नहीं करेंगे उनके खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *