फेसबुक लाइव में CM भूपेश बघेल को दी गालियां, सोनिया गांधी पर भी की टिप्पणी, आरोपी गिरफ्तार

रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की पुलिस ने सोशल मीडिया में प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (CM Bhupesh Baghel) के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी को फोन लोकेशन के आधार पर गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने के 24 घंटे के अंदर ही आरोपी को पकड़ने का दावा किया है. रायपुर की सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी को खमतराई इलाके के शिवानंद नगर से गिरफ्तार किया है. आरोपी एस चंद्रशेखर राव शिवानंद नगर में ही रहता है और कोई काम नहीं करता. वर्तमान में वो बेरोजगार है.

दरअसल, सिविल लाइन थाने में कांग्रेस नेता विनोद तिवारी ने एक शिकायत दर्ज कराई थी. इसमें बताया था कि एस चंद्रशेखर राव ने सीएम भूपेश बघेल के किसान न्याय योजना के लोकार्पण अवसर पर फेसबुक लाइव के दौरान भद्दी गालियां लिखते हुए न केवल भूपेश बघेल, बल्कि कांग्रेस की अंतरिम राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के खिलाफ अश्लील टिप्पणी की थी. इस टिप्पणी के खिलाफ में आपत्ति जताते हुए विनोद तिवारी ने सिविल लाइन थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी. सिविल लाइन पुलिस ने मामले में धारा 504 और 505 के तहत केस दर्ज किया था.

इसलिए की शिकायत

शिकायत दर्ज कराने वाले कांग्रेस नेता विनोद तिवारी का कहना था कि सोशल मीडिया में अमर्यादित टिप्पणी नहीं करनी चाहिए. शालीन शब्दों में विरोध जताना चाहिए, लेकिन कुछ लोग लगातार अश्लील भाषा का इस्तेमाल सोशल मीडिया में करने लगे हैं. ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी ही चाहिए. सिविल लाइन के थाना प्रभारी सुशांतो बनर्जी का कहना है कि आरोपी को शिवानंद नगर से गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोपी एस चंद्रशेखर राव को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया था जहां से उसे जेल भेज दिया गया है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *