ये तो आप जानते ही होंगे कि आम को फलों का राजा कहा जाता है और भारत में इसे राष्ट्रीय फल का दर्जा भी प्राप्त है। वैसे तो यहां दशहरी, लंगड़ा और चौसा समेत आम की कई किस्में उगायी जाती हैं और दुनिया में सबसे ज्यादा आम भारत में ही लोग खाते भी हैं, लेकिन आपको शायद ही ये पता हो कि दुनिया का सबसे महंगा भारत में नहीं मिलता और इसकी कीमत भी इतनी है कि इसे खरीदने में बड़े से बड़े अमीरों के भी पसीने छूट जाएं।
ताईयो नो तामागो (एग ऑफ द सन) आम की एक ऐसी किस्म है, जिसे जापान के मियाजाकी प्रांत में उगाया जाता है और पूरे जापान में बेचा जाता है। यहां हर साल सबसे पहले उगाए गए इस खास और महंगे आम की बोली लगाई जाती है, जिसमें इनके दाम आसमान छूने लगते हैं।
इस आम की खेती बाकी किस्मों की तरह ऐसे ही बिना सोचे-समझे नहीं की जाती है बल्कि सिर्फ ऑर्डर पर ही इनकी खेती की जाती है। इस आम की खूबी ये है कि यह आधा लाल और आधा पीला होता है। जापान में इसे गर्मी और सर्दी के बीच के मौसम में तैयार किया जाता है, इसलिए इसकी कीमत बहुत ज्यादा होती है।
साल 2017 में इस आम के एक जोड़े की बोली लगाई गई थी, जिसमें यह रिकॉर्ड 3600 डॉलर यानी करीब दो लाख 72 हजार रुपये में बिकी थी। प्रत्येक आम का वजन 350 ग्राम था। ऐसे में आप सोच सकते हैं कि महज 700 ग्राम आम की कीमत जब ढाई लाख रुपये से ज्यादा है तो एक किलो खरीदने के लिए तो तीन लाख रुपये से ज्यादा ही खर्च करने पड़ेंगे।
अब आप सोच रहे होंगे कि आखिर इस आम की कीमत इतनी ज्यादा क्यों है, तो आपको बता दें कि इसे उगाने में बेहद ही सावधानी बरती जाती है। जापानी किसान प्रत्येक आम को एक छोटे जाल के साथ घेरते हैं, जो सूरज की रोशनी को सभी कोणों पर त्वचा को हिट करने की अनुमति देता है (यह एक समान, रूबी-लाल रंग देता है) और पेड़ से फल को नीचे गिरने नहीं देता है। जब आम पूरी तरह पककर तैयार हो जाते हैं, तो ये अपने आम ही जाल में गिरकर अटक जाते हैं, जिसे निकालकर ऊंचे दामों पर बेच दिया जाता है। ये आम खाने में बहुत स्वादिष्ट और रसदार होता है।
