रायपुर : ’विश्व पर्यावरण दिवस’ : बालिका गृह और नारी निकेतन में लगाए गए छायादार और फलदार पौधे

महिला बाल विकास की संचालक के साथ बालिकाओं ने रोपे पौधे

महिला समूहों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए तैयार किए एक लाख बांस के ट्री-गार्ड

रायपुर, 05 जून 2020

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के खम्हारडीह स्थित शासकीय बालिका गृह और नारी निकेतन परिसर में महिला बाल विकास विभाग की संचालक श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के साथ बालिकाओं और अधिकारियों ने छायादार और फलदार पौधे लगाए। इस अवसर पर अमरूद, आम, चीकू, मौसंबी और नीम केे पौधे लगाए गए। फल आने पर पौधे बालिका गृह की बालिकाओं और नारी निकेतन में रह रहीं महिलाओं की पौष्टिकता बढ़ाने के काम आएंगे। पौधों को स्वसहायता समूह द्वारा तैयार लकड़ी के ट्री-गार्ड लगाकर सुरक्षित भी किया गया

संचालक ने पौधा लगा रहीं बालिकाओं से कहा कि सभी अपने लगाए गए पौधों पर अपने नाम की तख्ती लगाएं और पौधों का पूरा ध्यान रखें। जिससे पौधे जीवित रहें और अच्छी तरह बढ़ सकें। इसके निरीक्षण के लिए वह समय-समय पर आती रहेंगी। विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अशोक पाण्डे ने बताया कि महिला स्वसहायता समूहों ने कौशल विकास केन्द्र से प्रशिक्षण प्राप्त कर लगभग एक लाख लकड़ी के ट्री-गार्ड बनाकर वन विभाग को दिया गया है। महिला समूहों द्वारा तैयार ट्री-गार्ड पर्यावरण संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण कदम साबित होंगे। पौधा रोपण में पशु चिकित्सक डाॅ. पदम जैन का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *