रायपुर : लॉक-डॉउन में अस्पताल में रूके मरीजों के परिजनों को खिलाया दोनों वक्त का खाना : अस्पताल ने श्री ऋषभ देव मंदिर ट्रस्ट दादाबाड़ी एवं संडे सेवा ग्रुप को दिया धन्यवाद

रायपुर. 06 जून 2020

श्री ऋषभ देव मंदिर ट्रस्ट दादाबाड़ी, रायपुर और संडे सेवा ग्रुप, रायपुर द्वारा लॉक-डॉउन के दौरान राज्य एवं राज्य के बाहर विभिन्न हिस्सों से उपचार के लिये डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय आये तथा देशव्यापी लॉक-डॉउन के कारण घर वापस न जा सकने वाले मरीजों के परिजनों को दोनों वक्त का भोजन उपलब्ध कराया गया। डॉ. भीमराव अम्बेडकर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. विनित जैन ने कठिन समय में इस अमूल्य सहयोग के लिए श्री ऋषभ देव मंदिर ट्रस्ट और संडे सेवा ग्रुप के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया है।

श्री ऋषभ देव मंदिर ट्रस्ट दादाबाड़ी द्वारा 24 मार्च से 3 मई तक सुबह और शाम दोनों समय 600-600 थाली भोजन प्रदान किया गया। ट्रस्ट द्वारा मरीजों के परिजनों को दोनों वक्त के खाने के लिये कोई तकलीफ न हो इसका ध्यान रखते हुए निर्धारित समय पर स्वच्छ एवं ताजा भोजन उपलब्ध कराया गया। ट्रस्ट की तरफ से लॉक-डॉउन की अवधि में मरीजों के लिये रक्तदान भी किया गया। संडे सेवा ग्रुप ने भी 4 मई से 6 जून तक डॉ. भीमराव अम्बेडकर अस्पताल में मरीजों के परिजनों को प्रतिदिन सुबह और शाम 600-600 पैकेट भोजन प्रदान किया।

अस्पताल अधीक्षक डॉ. विनित जैन ने श्री ऋषभ देव मंदिर ट्रस्ट दादाबाड़ी के अध्यक्ष श्री विजय कांकरिया एवं अन्य पदाधिकारियों सर्वश्री अभय भंसाली, त्रिलोक चंद बरड़िया, उज्जवल झाबक, राजेन्द्र गोलछा तथा सदस्यगणों को धन्यवाद दिया है। उन्होंने संडे सेवा ग्रुप के अध्यक्ष श्री शशिकांत जैन, सचिव श्री कनक छाजेड़ एवं अन्य पदाधिकारियों सर्वश्री अनिल कुंडलिया, कमल मालू, संदीप अग्रवाल, प्रकाश कुंडलिया और  लक्ष्मीपद बेगानी के प्रति भी आभार प्रकट किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *