नई दिल्ली: दिल्ली से शराब प्रेमियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आ रही है। राष्ट्रीय राजधानी में दस जून से शराब सस्ती हो जाएगी। दिल्ली सरकार 70 फीसदी कोरोना टैक्स वापस लेने जा रही है। अरविंद केजरीवाल सरकार ने शराब पर पांच फीसदी वैट (VAT) बढ़ाने का फैसला किया है। शराब की कीमत पर अब 25 फीसदी का वैट लिया जाएगा। इससे पहले तक शराब की कीमत पर बीस फीसदी VAT लागू था।
चार मई से खोले गए थे शराब की दुकान
दिल्ली में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के बीच शराब की दुकानों को खोलने का फैसला लिया गया था। जिसके बाद शराब की दुकानों के बाहर हजारों की तादाद में लोगों की भीड़ उमड़ने लगी थी। भीड़े को जुटने से रोकने के लिए सरकार ने शराब पर 70 फीसदी कोरोना टैक्स लगाने का फैसला लिया था।
दुकानों के बाहर लोगों की लगी लंबी कतारें
गौरतलब है कि लॉकडाउन के तीसरे चरण की शुरूआत में शराब की बिक्री और खरीद के लिए सरकार की तरफ से अनुमति दी गई थी। चार मई से खुली शराब की दुकानों के बाद हजारों की संख्या में लोग उमड़ने लगे। इस बीच सोशल डिस्टेसिंग की धज्जियां उड़ाते हुए लोगों की कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आईं। लोगों की भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस को लाठीचार्च तक करना पड़ा।
सरकार ने पांच मई को शराब पर लगाया था कोरोना टैक्स
इसके बाद से दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने पांच मई से शराब पर 70 फीसदी कोरोना सेस लगाने का निर्णय लिया। शराब पर कोरोना टैक्स लगाने के बाद भी लोगों की लंबी लाइनें शराब की दुकानों के बाहर देखने को मिली। जिसके बाद दिल्ली सरकार को मजबूरन यह फैसला लेना पड़ा।
आठ जून से खुलेंगे धार्मिक स्थल, मॉल, रेस्त्रां
बता दें कि दिल्ली में आठ जून से धार्मिक स्थल, मॉल, रेस्त्रां भी खोले जा रहे हैं। हालांकि यहां पर लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना अनिवार्य होगा। केंद्र सरकार के आदेश के मुताबिक, सभी तरह की गाइडलाइंस का पालन किया जाएगा। हालांकि अभी होटल पर पाबंदी जारी है। क्योंकि माना जा रहा है कि इन्हें हॉस्पिटल्स के साथ अटैच कर दिया जाए।
