योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं….सीएम भूपेश, गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने किया योग

रायपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने अपनी पत्नी के साथ घर में ही योग किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में योग प्राचीन परंपरा में से एक है. आज योग पर जोर देने की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं, कुछ समय अपने लिए निकाले.

गृहमंत्री बोले योग को सभी अपने जीवन में उतारें

गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने पूरे देश वासियों को योग दिवस की बधाई देते हुए कहा कि आज योग दिवस है, मैं सभी से प्रार्थना भी करता हूं कि योग को अपने जीवन उतारें. आज की हमारी जीवन शैली है, उसके कारण विभिन्न प्रकार के दु:ख और तकलीफ से हमें सामना करना पड़ता है, चाहे वो मानसिक हो या शारीरिक. इन सब से निजात के लिए योग औषधि का काम करता है. योग से मानसिक शांति भी मिलती है. हमारे वेद शास्त्र और ग्रंथों में योग की महत्ता बताई गई है. उन्होंने सभी से अपील की कि योग को अपने जीवन में उतारें. इस योग को भारत देश ने पूरे विश्व को दिया है और विश्व गुरु के रूप में भारत इस योग के कारण भी बना है.

बीजेपी कार्यालय में हुआ योग

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बीजेपी कार्यालय एकात्म परिसर में योग का आयोजन किया गया, जहां बीजेपी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने योग किया. कोरोना संक्रमण की वजह से सीमित संख्या में कार्यकर्ता कार्यालय पहुंचे थे, सभी को घर पर ही योग करने की सलाह दी गई. इस अवसर पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, संगठन महामंत्री पवन साय समेत कई नेता मौजूद रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *