योजना के तहत 12 हजार से अधिक लोगों को
रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य
रायपुर 21 जून 2020
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा शहरी क्षेत्रों में पारम्परिक व्यवसाय से जुड़े बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए पौनी-पसारी योजना की शुरूआत की है। इस योजना के तहत राज्य के 79 नगरीय निकायों में 122 पौनी-पसारी बाजार शेड निर्माण के लिए 31 करोड़ 37 लाख रूपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। अलग-अलग नगर निगमों के 13 स्थानों पर 47 पौनी-पसारी बाजार शेड के लिए 12 करोड़ 18 लाख रूपए, 26 नगर पालिका परिषदों में 35 पौनी-पसारी बाजार के लिए नौ करोड़ चार लाख रूपए की मंजूरी मिली है। इसी तरह 40 नगर पंचायतों में 40 स्थानों पर पौनी-पसारी बजार शेड निर्माण के लिए 10 करोड़ 15 लाख की स्वीकृति दी गई हैं।
अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश के सभी 166 नगरीय निकायों में जनसमान्य एवं बेरोजगार नवयुवक-नवयुवतियों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पौनी-पसारी योजना शुरू की गई है। पौनी-पसारी निर्माण की लागत लगभग 30 लाख रूपए निर्धारित की गई है। योजना के तहत निकाय क्षेत्रों में परम्परागत व्यवसाय जैसे लोहारी, कुम्हारी, मनिहारी, कोष्टा-कपड़े आदि के लिए चबूतरा और शेड निर्माण कर बहुत ही कम कीमत मात्र 10 रूपए दैनिक किराये पर उपलब्ध कराते हुए व्यवसाय करने की सुविधा दिए जाने का प्रावधान है। योजना में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत शेड सुरक्षित रखने का भी प्रावधान किया गया। योजना के तहत 73 करोड़ रूपए की राशि व्यय कर करीब 12 हजार से अधिक लोगों को रोजगार देने का लक्ष्य हैं।
