रायपुर: लॉकडाउन में बंद बसों के पहिए चले, यात्रियों की भीड़

राजधानी से सुबह आठ बजे बिलासपुर व जगदलपुर के लिए चलीं पहली बसें

रायपुर –  लॉकडाउन में बंद बसों का संचालन आज से फिर शुरू हो गया। राजधानी के पंडरी स्थित बस स्टैंड से जगदलपुर और बिलासपुर के लिए पहले बसें रवाना की गई। इसके बाद सराईपाली, बलौदाबाजार, महासमुंद, दुर्ग, गरियाबंद और बस्तर के अन्य जगहों के लिए भी बसों का संचालन शुरू हो गया। बस ऑपरेटरों ने अभी 20 फीसदी गाडिय़ों के परिचालन का निर्णय लिया है। बस वालों के इस फैसले से जहां पहले हर 5 से 10 मिनट के बीच गाडिय़ां मिल जाती थीं अब एक-एक घंटे के अंतराल में बसें मिलेंगी। परिवहन विभाग के अफसरों ने आपरेटरों को बस परिचालन के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत आपरेटरों ने तय किया है कि तीन सीटर पर दो सवारी ही बिठाई जाएगी। बीच की कुर्सी खाली रखी जाएगी। इसी तरह दो सीटर वाली लाइन में एक ही सवारी बिठाई जाएगी। यातायात महासंघ के संरक्षक ने बताया कि बसों को यात्रियों के चढऩे से पहले और उतरने के बाद सैनिटाइज किया जाएगा। इसके लिए भी बस स्टैंड पर सिस्टम बनाया जा रहा है। इतना ही नहीं गाडिय़ों में हर यात्री के लिए मास्क अनिवार्य रहेगा।
बीआरटीएस बसों का किराया पांच रुपए बढ़ा : नए व पुराने शहर के बीच बीआरटीएस बसों का परिचालन शुरू हो गया है, लेकिन इस बार बस का किराया पांच रुपए तक बढ़ा दिया गया है। अब स्टेशन से मंत्रालय जाने के लिए यात्रियों को 30 की जगह 35 रुपए देने होंगे। इसी तरह पहले से तय सभी किराए में पांच रुपए की बढ़ोत्तरी कर दी गई है। पहले चरण में चार बसें चलाई जा रही हैं। लेकिन इक्के-दुक्के यात्री ही बस में सफर कर रहे हैं। यात्रियों की संख्या बढऩे पर ही बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *