अमिताभ बच्चन और उनके परिवार के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद बॉलीवुड में हाहाकार मच गया है। बच्चन परिवार के बाद टीवी अभिनेता पार्थ समथान और अभिनेत्री रेचल व्हाइट का कोरोना टेस्ट भी पॉजिटिव आया। इस खबर ने फिल्म इंडस्ट्री को और मुसीबत में डाल दिया। अब खबर है कि बॉलीवुड की सदाबहार अभिनेत्री रेखा भी अपना कोरोना टेस्ट करवाने जा रही हैं।
दरअसल शनिवार को अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन के कोरोना संक्रमित की खबर आने से पहले ये बात सामने आई थी कि रेखा के बंगले का एक सुरक्षाकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। रेखा मुंबई के बांद्रा के बैंडस्टैंड इलाके में ‘सी स्प्रिंग’ बंगले में रहती हैं। उनके बंगले के बाहर हमेशा दो सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं।
सुरक्षाकर्मी का इलाज बांद्रा के बीकेसी स्थित कोविड फैसिलिटी में चल रहा है। सुरक्षाकर्मी के पॉजिटिव निकलने के बाद बीएमसी के नियमों के मुताबिक बंगले के बाहर नोटिस लगा दिया गया। साथ ही रेखा के बंगले का सैनिटाइजेशन भी किया जा चुका है।
इस बीच अब खबर ये सामने आ रही है कि मुंबई में लगातार बढ़ते मामलों की वजह से अब कलाकारों में डर पैदा हो गया है। इसी के चलते अब ये बताया जा रहा कि सोमवार को रेखा अपना टेस्ट कराएंगी। उन्होंने इस बात की जानकारी BMC को भी दे दी है।
गौरतलब है कि इससे पहले अभिनेता आमिर खान के घर से भी सात स्टाफ कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। इसके अलावा कई अभिनेता और अभिनेत्रियां भी इस वायरस की चपेट में आ चुके हैं। जोया मोरानी, करीम मोरानी, शजा मोरानी, किरण कुमार जैसे सितारे भी कोरोना वायरस का शिकार हो चुके हैं। अच्छी बात है कि कई सितारे कोरोना को मात देकर इसके खिलाफ जंग भी लड़ रहे हैं।
