विकास दुबे पर वेब सीरीज बनने जा रही है, जिसका नाम है ‘हनक’। फिल्म निर्माता आदित्य कश्यप और अवधेश तिवारी इस वेब सीरीज के डायरेक्टर होंगे। इसकी पटकथा लिखने की जिम्मेदारी कानपुर के लेखक मृदुल कपिल और सुबोध को दी गई है।
ऑनलाइन प्लेटफार्म नेटफ्लिक्स ने इस वेब सीरीज को मंजूरी दे दी है। फिल्म के स्टार कास्ट पर अभी बातचीत चल रही है। अमर उजाला से खास बातचीत में मृदुल ने बताया कि उन्होंने इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर दिया है।
कनपुरिया होने के नाते विकास दुबे के बारे में उन्हें कई बातें मीडिया के माध्यम से पता चली हैं। वे गांववालों और विकास के रिश्तेदारों के माध्यम से और जानकारियां जुटाएंगे। मृदुल जवाहर नगर के रहने वाले हैं और सुबोध गांधी ग्राम में रहते हैं।
मैं विकास दुबे हूं… कानपुर वाला
उज्जैन से गिरफ्तारी के दौरान विकास दुबे बार-बार यही चिल्ला रहा था कि ‘मैं विकास दुबे हूं… कानपुर वाला’। विकास की यह धौंस सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थी। एक बार फिर फिल्म के माध्यम से यह घटनाक्रम देखने को मिलेगा। इसके लिए मृदुल और सुबोध ज्यादा से ज्यादा जानकारी जुटाने में लग गए हैं। मृदुल ने बताया की हनक में पंकज त्रिपाठी जैसे कई बड़े चेहरे दिखाई दे सकते हैं। अभी स्टार कास्ट पर बातचीत चल रही है।
अक्तूबर में होगी शूटिंग
हनक की शूटिंग अक्तूबर में शुरू की जा सकती है। चूंकि कोरोना का दौर जारी है, ऐसे में सोशल डिस्टेंसिंग के साथ शूटिंग करना अपने आप में चुनौती भरा काम होगा। ऐसे में शूटिंग की डेट बढ़ भी सकती है। शूटिंग कानपुर में होगी या सेट बनाकर कहीं और शूटिंग की जाएगी, इस पर अभी फैसला नहीं हुआ है।
