रायपुर : नई पीढ़ी उद्योग और व्यवसाय के क्षेत्र में आगे आए -डॉ. डहरिया : नगरीय प्रशासन मंत्री द्वारा आरंग विकासखण्ड के ग्राम देवपुरी में सतनामी समाज के व्यवसायिक परिसर का लोकार्पण

रायपुर 21 जुलाई 2020

नगरीय प्रशासन व श्रम मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया ने गुरूघासीदास जनकल्याण समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि समाज की प्रगति के लिए नई पीढ़ी को व्यवसाय और उद्योग के क्षेत्र में आगे लाना है। डॉ. डहरिया गत दिनों आरंग विकासखण्ड के ग्राम देवपुरी में सतनामी समाज द्वारा निर्मित व्यवसायिक परिसर के लोकार्पण समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर सतनामी समाज के सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 25 लाख देने की घोषणा की।
नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. डहरिया ने समाज के द्वारा की गई इस नई पहल के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पढ़े लिखे युवाओं को सिर्फ सरकारी नौकरी तक सीमित नही रहना चाहिए। अपनी पढ़ाई का उपयोग उद्योग और व्यवसाय के क्षेत्र में भी करना चाहिए। उन्होंने समाज के लोगों से अपने बच्चों को इन क्षेत्रों में भी आगे लाने की अपील की। कार्यक्रम में रायपुर ग्रामीण के विधायक श्री सत्यनारायण शर्मा, विशेष अतिथि श्रीमती सीमा विष्णु बारले, श्रीमती सकुन डहरिया, लेखक एवं समाज सेवी डाँ. शंकर लाल टोडर, सुशील भतपहरी सहित अनेक सामाजिक बंधु और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *