तीन महीने से कई ब्लॉक में नहीं पहुंचा वेतन….शिक्षाकर्मियों के लिए राखी का त्योहार हो सकता है फीका

प्रदेश के शिक्षाकर्मियों के लिए राखी का त्योहार आर्थिक परेशानियों के बीच बीत सकता है। इसकी वजह यह कि तीन महीने से कई ब्लाकों में हजारों कर्मचारियों को तनख्वाह नहीं मिली है। शिक्षाकर्मियों को मई-जून से वेतन नहीं मिला है । अभी तक जुलाई के लिए किसी भी ब्लॉक में आबंटन भी नहीं पहुंचा है। शिक्षाकर्मियों का नवंबर में अब संविलियन हो जाएगा, लेकिन अभी भी उन्हें वेतन के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है । कई ब्लॉक तो ऐसे हैं जहां पर मई का भी वेतन नहीं दिया गया है। टीचर्स एसोसिएशन के संजय शर्मा ने बताया कि जुलाई खत्म होने को है ऐसे में शिक्षाकर्मियों के सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। शिक्षाकर्मियों के संगठनों ने वेतन भुगतान की स्थिति की जानकारी पंचायत विभाग के मंत्री टी एस सिंहदेव , संचालक एस प्रकाश को, आरएमएसए और एसएसए के संचालक जितेंद्र शुक्ला को और नगरीय प्रशासन विभाग के अपर संचालक सौमिल रंजन चौबे को दी गई है। उनसे राखी से पहले वेतन भुगतान की मांग रखी गई है ताकि प्रदेश के शिक्षाकर्मियों का परिवार भी त्योहार मना सकें । संविलियन अधिकार मंच के प्रदेश संयोजक विवेक दुबे ने बताया कि पहले सरकार शिक्षाकर्मियों को वेतन दे। वेतन भुगतान करने के लिए ज्ञापन सौंपा है। हमें विश्वास है कि उच्च अधिकारी पूरे मामले को संज्ञान में लेकर जल्द वेतन भुगतान कराएंगे और समस्या का निराकरण होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *